पद्म पुरस्कारों से गौरवान्वित हुआ बिहार कला क्षेत्र में दो विभूतियों को पद्म श्री, मंत्री एवं सचिव ने दी हार्दिक बधाई
त्रिलोकी नाथ प्रसाद/पटना।भारत सरकार द्वारा वर्ष 2026 के लिए पद्म पुरस्कारों की घोषणा के साथ ही बिहार के लिए यह अत्यंत गर्व और सम्मान का विषय है कि राज्य को कुल तीन पद्म पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। इनमें से कला क्षेत्र में दो विशिष्ट कलाकारों को पद्म श्री सम्मान से अलंकृत किए जाने की घोषणा की गई है।
कला के क्षेत्र में बिहार के वरिष्ठ लोक कलाकार एवं नृत्य गुरु स्वर्गीय विश्व बंधु (मरणोपरांत) तथा भोजपुरी के दिग्गज लोकगायक श्री भरत सिंह भारती को पद्म श्री सम्मान प्रदान किया गया है।
स्वर्गीय विश्व बंधु बिहार के एक अत्यंत प्रतिष्ठित लोक कलाकार और नृत्य गुरु थे। वे अपनी विशिष्ट लोक नृत्य शैली के लिए देशभर में प्रसिद्ध रहे। उन्होंने अपने जीवनकाल में पाँच हजार से अधिक शिष्यों को नृत्य की विधाओं में पारंगत किया और लोक नृत्य को नई पीढ़ी तक पहुँचाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका मरणोपरांत पद्म श्री से सम्मानित होना उनकी अमूल्य कला-साधना और आजीवन योगदान का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान है।
वहीं श्री भरत सिंह भारती, भोजपुरी लोक संगीत के सशक्त स्तंभ माने जाते हैं। कला के क्षेत्र में उनके छह से सात दशकों के विशिष्ट योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2026 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया है। वर्ष 1962 से आकाशवाणी पटना से जुड़े श्री भारती ने भोजपुरी लोक परंपरा को जीवंत बनाए रखा। उन्होंने भिखारी ठाकुर और महेंद्र मिसिर की लोकशैली को अपने गायन के माध्यम से नई पहचान दी और पीढ़ियों तक पहुँचाया।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग के माननीय मंत्री श्री अरुण शंकर प्रसाद तथा विभागीय सचिव श्री प्रणव कुमार ने दोनों कलाकारों एवं उनके परिजनों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं।
माननीय मंत्री श्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा—
“पद्म श्री से सम्मानित ये दोनों कलाकार बिहार की लोक कला और सांस्कृतिक विरासत के सच्चे प्रतिनिधि हैं। स्वर्गीय विश्व बंधु जी और भरत सिंह भारती जी का योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।”
विभागीय सचिव श्री प्रणव कुमार ने कहा—
“यह सम्मान इस बात का प्रमाण है कि बिहार की लोक कला, संगीत और नृत्य राष्ट्रीय मंच पर अपनी सशक्त पहचान बना रहे हैं। ऐसे कलाकार राज्य की सांस्कृतिक आत्मा हैं।”
उल्लेखनीय है कि पद्म पुरस्कार भारत सरकार द्वारा दिए जाने वाले सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं, जिन्हें पद्म विभूषण, पद्म भूषण एवं पद्म श्री—तीन श्रेणियों में प्रदान किया जाता है। ये पुरस्कार कला, साहित्य, शिक्षा, समाज सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण योगदान के लिए प्रदान किए जाते हैं।
कला एवं संस्कृति विभाग ने आशा व्यक्त की है कि बिहार को प्राप्त यह सम्मान राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को और सुदृढ़ करेगा तथा युवा कलाकारों को अपनी कला साधना के लिए नई प्रेरणा देगा।


