बुनियाद केंद्र किशनगंज में अंतर्राष्ट्रीय विधवा दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
विधवा महिलाओं को आत्मनिर्भरता एवं अधिकारों के प्रति किया गया जागरूक

किशनगंज,23जून(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, अंतर्राष्ट्रीय विधवा दिवस के अवसर पर बुनियाद केंद्र, किशनगंज में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विधवा महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विधवा महिलाओं को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर मुख्यधारा से जोड़ना था।
कार्यक्रम में उपस्थित जिला प्रबंधक एवं तकनीकी कर्मियों ने महिलाओं को उनके अधिकारों, पारिवारिक एवं सामाजिक जीवन में आने वाली चुनौतियों तथा उनसे निपटने के उपायों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
साथ ही बिहार सरकार द्वारा विधवा महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं – जैसे पेंशन, स्वरोजगार, स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी भी साझा की गई।
बुनियाद केंद्र के अधिकारियों ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, स्वरोजगार अपनाने तथा किसी भी प्रकार के शोषण या अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का मूल उद्देश्य विधवा महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना और उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने हेतु सशक्त बनाना रहा।