शिक्षा संवाद कार्यक्रम में विभागीय योजनाओं से अवगत हुए लोग

गुड्डू कुमार सिंह /आरा। शिक्षा विभाग के निर्देश पर पीरो प्रखंड के अलग अलग उच्च माध्यमिक विद्यालयों में आयोजित शिक्षा संवाद कार्यक्रम के दौरान आम आवाम को विभागीय योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। उच्च विद्यालय विद्यालय बरांव में प्रखंड विकास पदाधिकारी पीरो की मौजूदगी में आयोजित शिक्षा संवाद के दौरान प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनोज सिंह, बीआरपी सत्यनारायण सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने लोगों को बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा छात्र हित में छात्रवृति, मुख्यमंत्री पोशाक योजना, मुख्यमंत्री साइकिल योजना, मुख्यमंत्री मेधावृति योजना, मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री इंटरमीडिएट प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री स्नातक पास प्रोत्साहन योजना, बिहार स्टूडेंट्स क्रेडिट कार्ड योजना, कुशल युवा कार्यक्रम, कस्तूरबा बालिका आवासीय विद्यालय, रानी लक्ष्मी बाई आत्म रक्षा योजना, बाल श्रमिक पुनर्वास योजना, अल्पसंख्यक कल्याण योजना, मुख्य्मंत्री निश्चय स्वयं सहायता भता, मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना सहित कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई है। इसका लाभ लोगों को मिले
इसके लिए उन्हें योजनाओं की जानकारी देना जरूरी समझा गया। इसी उद्देश्य से शिक्षा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। प्रखंड के सूर्यनाथ प्लस टू विद्यालय हसवाडीह में डीपीओ शोभाकांत, कनीय अभियंता राकेश कुमार, बीपीएम विप्रेन्द्र कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी आदि ने लोगों को योजनाओं से अवगत कराया जबकि उच्च माध्यमिक विद्यालय सुखरौली में नगर पीरो के कार्यपालक पदाधिकारी सुजीत कुमार, अंचलाधिकारी पीरो सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में शिक्षा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां आयोजित शिक्षा संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक व दूसरे ग्रामीण मौजूद थे।


