प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बिहार को ₹210 करोड़ की केंद्रीय सहायता राशि जारी करने की मिली स्वीकृति।…
त्रिलोकी नाथ प्रसाद/भारत सरकार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत बिहार राज्य को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए ₹210 करोड़ (रुपये दो सौ दस करोड़ मात्र) की केंद्रीय सहायता राशि जारी करने की स्वीकृति प्रदान की है। यह राशि बिहार राज्य को अनुदान सहायता के रूप में दी गई है, जो कि PMGSY के तहत केंद्रीय सहायता के रूप में जारी की गई है। यह भुगतान वर्ष 2023-24 के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों से संबंधित है।
इस चरण के लिए कुल केंद्रीय हिस्सेदारी ₹987.875 करोड़ निर्धारित है, जिसमें से अब तक ₹383.75 करोड़ जारी किए जा चुके थे। वर्तमान में जारी ₹210 करोड़ के बाद केंद्रीय हिस्से की शेष राशि ₹394.125 करोड़ रहेगी। इस किस्त के अंतर्गत राज्य अंश ₹165.53 करोड़ निर्धारित है।
बिहार सरकार को इस केंद्रीय सहायता राशि के साथ-साथ संबंधित राज्यांश को बिहार ग्रामीण सड़क विकास एजेंसी (BRRDA), ग्रामीण कार्य विभाग, बिहार को 30 दिनों के भीतर स्थानांतरित करना है।यह सहायता राशि राज्य में ग्रामीण सड़क अवसंरचना को सुदृढ़ करने, ग्रामीण संपर्क बढ़ाने तथा विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

