किशनगंज : प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री के द्वारा की गई घोषणाओं का मिली स्वीकृति
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रगति यात्रा किशनगंज जिले की विकास की ओर बढ़ते ऐतिहासिक कदम

किशनगंज,07फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री बिहार के तीसरे चरण के प्रगति यात्रा के दौरान किए गए घोषणाओं की स्वीकृति से संबंधित प्रेस ब्रीफिंग का आयोजन शुक्रवार को समाहरणालय स्तिथ महानंदा सभागार में किया गया। ब्रीफिंग में बताया गया कि 21 जनवरी 2025 को प्रगति यात्रा के दौरान जिले की जरूरत के अनुरूप की गई सभी घोषणाओं को जमीनी स्तर पर उतरने के लिए रिकार्ड समय में स्वीकृति दे दी गई है।
सात निश्चय भाग 2 सुलभ संपर्कता के तहत पथ प्रमंडल, किशनगंज अंतर्गत ठाकुरगंज बायपास रोड-कटहलडांगी से धर्मकांटा चौक (एनएच 327 ई 8वें किलोमीटर) भाया कॉलेज मोड (एम.एच. आजाद कॉलेज तक) के कुल लंबाई 4.010 किलोमीटर निर्माण कार्य 3958.78 लाख रूपए की लागत राशि से 04 फरवरी 2025 को स्वीकृति प्रदान की गई। इससे किशनगंज जिला मुख्यालय से ठाकुरगंज एन.एच. जाने के क्रम में ठाकुरगंज मुख्य बाजार से जाना पड़ता है। बाजार का सड़क संकीर्ण होने के कारण हमेशा जाम की समस्या बनी रहती है। इस बाईपास के निर्माण होने से वाहनों का परिचालन मुख्य बाजार से न होकर बाईपास के माध्यम से निर्वाध रूप से संभव हो पाएगा, साथ ही शहर वासियों को जाम की समस्या से निजात मिलेगी।
किशनगंज जिला अंतर्गत महानंदा नदी पर किशनगंज-तैयबपुर-ठाकुरगंज- गलगलिया पथ के 42वे किलोमीटर में उच्च स्तरीय आरसीसी पुल का निर्माण 6181.48 लाख रुपए की लागत से 04 फरवरी 2025 को स्वीकृत किया गया। इससे किशनगंज एवं ठाकुरगंज प्रखंड को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क पर अवस्थित है पुल की चौड़ाई कम होने से बड़ी एवं भारी वाहनों का परिचालन नहीं हो पता है साथ ही जाम की समस्या प्रायः बनी रहती है। इससे निर्माण होने से इस मार्ग पर परिचालन निर्वाण रूप से संभव हो पाएगा।
वहीं किशनगंज जिला अंतर्गत कनकई नदी पर असुराघाट एवं निशन्द्रा घाट के बीच उच्च स्तरीय आरसीसी पुल का निर्माण 4825.56 लाख रुपए की लागत से किया गया। इस पुल के बन जाने से बहादुरगंज टेढ़ागाछ एवं कोचाधामन के लगभग एक लाख से अधिक आबादी एक दूसरे से जुड़ने के साथ-साथ जिला मुख्यालय से एवं एसएच 99 एवं एन.एच. 327ई से सीधे जुड़ जाएगा। बरसात के मौसम में इस क्षेत्र में आवागमन काफी प्रभावित होने से चिकित्सा एवं अन्य सेवाओं का लाभ आम जनों को मिलने में अत्यंत कठिनाई का सामना करना पड़ता है। पुल के बन जाने से इस क्षेत्र में सामाजिक एवं आर्थिक उन्नति में तेजी आएगी।
रमजान नदी के डिसिल्टेशन, चैनेलाइजेशन एवं सौंदर्यकरण कार्य (शहरी क्षेत्र अंतर्गत 9.45 किलोमीटर) 987.01 लाख रुपए की लागत से 30 जनवरी 2025 को स्वीकृति दिया गया। इससे रमजान नदी शहर के बीचो-बीच प्रभावित होती है। इसके डिसिल्टेशन चैनेलाइजेशन एवं सौंदर्यकरण से शहर का विकास एवं विस्तार सुव्यस्थित होगी तथा स्वच्छ पर्यावरण का निर्माण होगा। बरसात के समय शहर की जल निकासी व्यवस्था सुचारू रूप से संभव हो पाएगा।
किशनगंज जिला अंतर्गत किशनगंज प्रखंड एवं पोठिया प्रखंड में नए प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन का निर्माण 4736.27 लाख रुपए की लागत से निर्माण कराया जाएगा। इससे प्रखंड स्तर पर आम जनों को सभी प्रकार को दी जाने वाली सेवाओं, सुविधाओं को एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराना संभव हो पाएगा। साथ ही प्रखंड एवं अंचल स्तर के सभी क्षेत्रीय कार्यालय एक ही भवन में संचालित होंगे जिससे आम-जनों की सुविधा होगी। बहादुरगंज प्रखंड अंतर्गत लौचा पंचायत एवं किशनगंज नगर अंतर्गत खगड़ा में पावर सबस्टेशन का निर्माण 3579 लाख रुपए की लागत से 04 फरवरी 2025 को स्वीकृति प्रदान की गई है। पावर सब-स्टेशन का निर्माण से कृषि फीडर एवं उपभोक्ता फीडर का सुचारू रूप से संचालित हो पाएगा।
केंद्र सरकार द्वारा किशनगंज-बहादुरगंज एनएच 27 एवं 327ई को फोरलेन सड़क की संपर्कता (लंबाई 24.849 किलोमीटर) 98247.00 लाख रुपए की लागत से 27.01.2025 को स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे किशनगंज-बहादुरगंज पहुंच पथ में जाम की समस्या से निजात मिलेगी। साथ ही सड़क की संपर्कता होने से इस क्षेत्र में सामाजिक एवं आर्थिक उन्नति में तेजी आएगी। ब्रीफिंग में एडीएम अमरेंद्र कुमार पंकज, जिला पंचायत राज पदाधिकारी जफर आलम, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी संदीप कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी-सह-ओएसडी कुंदन कुमार सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।