किशनगंज : रामनवमी को लेकर प्रशासन अलर्ट, 250 स्थलों पर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी तैनात

किशनगंज,25मार्च(हि.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, रामनवमी, चैत छठ एवं नवरात्रि के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन को प्राप्त सूचना के अनुसार 26 मार्च को रामनवमी के अवसर पर झंडा जुलूस निकाले जाने की संभावना है, जबकि 27 मार्च को रामनवमी पर्व मनाया जाएगा। इसके अतिरिक्त चैत छठ एवं नवरात्रि के दौरान भी विभिन्न धार्मिक आयोजन संपन्न होंगे। पर्वों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के 250 स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल का पूर्व निरीक्षण कर सुबह 8 बजे तक अनिवार्य रूप से ड्यूटी स्थल पर उपस्थित रहें। उन्होंने बताया कि किशनगंज, ठाकुरगंज, पौवाखाली, पोठिया, टेढ़ागाछ, दिघलबैंक सहित आठ स्थानों पर शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा मार्गों पर स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शोभायात्रा के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन वर्जित होगा। जुलूस की निगरानी के लिए ड्रोन एवं वीडियोग्राफी कराई जाएगी, वहीं शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी रखी जाएगी। चिन्हित स्थलों पर एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा रेलवे फाटक पार करने वाले जुलूसों के लिए आरपीएफ के सहयोग से विशेष सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने रात्रि गश्ती बढ़ाने का निर्देश देते हुए कहा कि झंडा लगाने के दौरान संवेदनशील स्थलों पर विशेष सावधानी बरती जाए। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को सूचना संकलन पर ध्यान देने तथा किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराने को कहा। उन्होंने सांप्रदायिक मामलों को संवेदनशील बताते हुए छोटी घटनाओं को भी गंभीरता से लेने का निर्देश दिया।
उन्होंने बताया कि जिले में पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध है तथा लगभग 400 अतिरिक्त पुलिस बल भी तैयार रखा गया है, जिसे आवश्यकता अनुसार संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा। साथ ही जुलूस मार्गों पर वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी एवं अग्निशमन वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
पर्व के दौरान आमजन की सुविधा के लिए 26 से 28 मार्च तक समाहरणालय में जिला नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06456-225152 जारी किया गया है।
बैठक में डीडीसी प्रदीप कुमार झा, जिला पंचायत राज पदाधिकारी जफर आलम, वरीय कोषागार पदाधिकारी चंदन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार सहित प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे। अन्य पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।



