किशनगंज : जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था सामान्य

किशनगंज,17मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर प्रेस ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस दौरान जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता पर्याप्त है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
प्रेस ब्रीफिंग में डीएम ने बताया कि वर्तमान में जिले में 6500 से अधिक एलपीजी गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है, जिससे किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के लिए 25 दिनों के बाद तथा ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के लिए 45 दिनों के बाद पुनः गैस बुकिंग की समय-सीमा निर्धारित की गई है।
आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है, जो प्रतिदिन दो पालियों में सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक संचालित हो रहा है। कंट्रोल रूम का दूरभाष संख्या 06425-225152 जारी किया गया है।
प्रशासन के अनुसार एलपीजी गैस से संबंधित अब तक कुल दो शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनका शीघ्र निष्पादन कर दिया गया है। अंत में जिलाधिकारी विशाल राज ने जिलेवासियों से अपील की कि गैस की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की चिंता न करें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि आपूर्ति व्यवस्था को लगातार सुचारू बनाए रखा जाएगा।



