किशनगंज में फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह पर कार्रवाई, एक और आरोपी गिरफ्तार

किशनगंज,06अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, किशनगंज पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्रों में फर्जी दस्तावेज एवं अवैध आधार कार्ड बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशन में एसटीएफ के साथ संयुक्त छापेमारी लगातार जारी है।
जानकारी के अनुसार टेढ़ागाछ थाना कांड संख्या 112/26, दिनांक 02 अप्रैल 2026 में वांछित अभियुक्त साजिद रब्बानी को पुलिस ने 05 अप्रैल 2026 को टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान साजिद रब्बानी, पिता स्व. मो. मुंशी हुसैन, निवासी श्यामपुर थाना पलासी जिला अररिया के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी प्रिंटिंग प्रेस की आड़ में फर्जी प्रमाण पत्र तैयार करता था और अवैध आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह को क्लोन बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट बनाकर बेचता था। इन क्लोन फिंगरप्रिंट का इस्तेमाल गिरोह के मुख्य सरगना मनोहर कुमार द्वारा आधार कार्ड बनाने वाले सॉफ्टवेयर को संचालित करने में किया जाता था।
पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मंगलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम में साइबर थाना, जिला आसूचना इकाई और स्थानीय थाना पुलिस को शामिल किया गया था। लगातार निगरानी और आसूचना संकलन के बाद 02 अप्रैल को टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र के एक किराना दुकान में छापेमारी कर गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया गया था।
इस मामले में टेढ़ागाछ थाना में भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के साथ आईटी एक्ट की धारा 66(सी) और 66(डी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और अनुसंधान में गिरोह के अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा हुआ है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।
गिरफ्तार आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
छापेमारी टीम में पुलिस निरीक्षक अरुण कुमार, पुलिस निरीक्षक मो. मुश्ताक, थानाध्यक्ष इजहार आलम, पुअनि सोना कुमार, रविशंकर कुमार, विकास कुमार, रितेश कुमार सहित जिला आसूचना इकाई, क्यूआरटी, एसटीएफ एवं अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।


