Uncategorized

रांची : रामनवमी एवं सरहुल पर्व को सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर बैठक आयोजित।

रांची/भारती मिश्रा, रामनवमी एवं सरहुल पर्व को सौहार्द पूर्ण तरीके से संपादन करने को लेकर जिला प्रशासन एक्टिव है इसी क्रम में उपायुक्त, रांची राहुल कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में बुधवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची किशोर कौशल, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था), रांची आर एन आलोक, शहर के विभिन्न मुहर्रम कमेटी, महावीर मंडल समिति के सदस्य एवं अमन पसंद लोग उपस्थित थे।बैठक के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण में सरहुल पर्व, रमजान और रामनवमी मनाए जाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। मोहर्रम कमेटी एवं महावीर मंडल समिति के सदस्यों द्वारा बारी -बारी से रामनवमी के दौरान बेहतर विधि व्यवस्था संधारण हेतु पूर्व के अनुभव साझा करते हुए सुझाव दिये गए। मोहर्रम कमेटी के सदस्यों ने बताया कि हमेशा की तरह रांची में रामनवमी के दौरान जुलूस के स्वागत की परंपरा का सौहार्दपूर्ण वातावरण में निर्वहन किया जाएगा। मोहर्रम कमेटी के सदस्यों ने कहा कि पवित्र रमजान के महीने में रामनवमी के जुलूस के दौरान इफ्तार के बाद संवेदनशील स्थानों पर अनावश्यक भीड़ ना हो, इसका पूरा प्रयास किया जाएगा ताकि जुलूस का ससमय और सुगम तरीके से प्रस्थान हो सके। बैठक में समिति के सदस्यों द्वारा जुलूस के रुट में प्रमुख स्थानों पर लाइट की व्यापक व्यवस्था की भी बात कही गई। उपायुक्त द्वारा इस संबंध में अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था), रांची को रांची नगर निगम से बात कर क्षेत्र विशेष के लिए नोडल बनाए जाने और इसकी जानकारी संबंधित थाना और समितियों को साझा करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने सभी समितियों से कहा कि जहां-जहां सड़कों की मरम्मत, लाइट की व्यवस्था आदि करनी है उसकी सूची दें ताकि इस संबंध में यथाशीघ्र कार्य कराया जा सके। महावीर मंडल समिति के सदस्यों ने कहा कि रांची में सौहार्दपूर्ण वातावरण में रामनवमी का त्यौहार होता रहा है और इस बार भी समाज के सभी तबके के सहयोग एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में रामनवमी संपन्न कराया जाएगा। बैठक के दौरान कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर वरीय पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल द्वारा समिति के सदस्यों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान सभी समितियां संयमित रहे। उपायुक्त, रांची राहुल कुमार सिन्हा ने समिति के सदस्यों के सुझाव का स्वागत करते हुए कहा कि जिला प्रशासन का हर संभव सहयोग मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि एक बार फिर से रांची मिसाल कायम करेगी और जिस तरह से विगत वर्षों में पर्व त्यौहार संपादित हुए हैं उसी तरह आगामी पर्व त्यौहार सब के सहयोग से सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होंगे।

Related Articles

Back to top button