किशनगंज : वीर कुंवर सिंह बस स्टैंड के पास एनएच-27 पर ट्रक में लगी भीषण आग, अफरातफरी

किशनगंज,04फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, शहर के वीर कुंवर सिंह बस स्टैंड के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब प्लाई लदी एक ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते ट्रक से धुआं उठने लगा और आग की लपटें तेज हो गईं, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परिवहन विभाग के एमवीआई अमित कुमार समेत आसपास मौजूद लोगों ने बाल्टी से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। इसके बाद अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बताया जाता है कि ट्रक संख्या डब्ल्यूबी-73डी-4023 पश्चिम बंगाल के इस्लामपुर से प्लाई का जलावन लेकर आ रही थी। ट्रक पर कुल छह लोग सवार थे। बस स्टैंड के पास पहुंचते ही ट्रक के पिछले हिस्से से अचानक धुआं उठने लगा।
आशंका जताई जा रही है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है। आग लगते ही चालक समेत सभी लोग सुरक्षित नीचे उतर गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, ट्रक में लदी पूरी प्लाई जलकर खाक हो गई।
घटना के कारण एनएच-27 पर कुछ देर तक यातायात बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद यातायात सामान्य कराया गया।
सूचना पर सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची, पंचनामा कर ट्रक को कब्जे में लिया और आगे की जांच शुरू कर दी। इस हादसे में ट्रक का पिछला हिस्सा पूरी तरह जल गया, जबकि आगे का हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। 




स्थानीय लोगों ने इसे सड़क सुरक्षा और वाहनों की नियमित तकनीकी जांच में लापरवाही का नतीजा बताते हुए वाहन मालिकों से समय-समय पर इलेक्ट्रिक सिस्टम की जांच कराने की अपील की है।



