किशनगंज में रामनवमी पर निकली भव्य शोभा यात्रा, जयकारों से गूंजा शहर

किशनगंज,26मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, रामनवमी के पावन अवसर पर शहर में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा की शुरुआत रूईधासा से हुई, जिसमें हजारों की संख्या में राम भक्त शामिल हुए। महिलाओं और पुरुषों की बड़ी भागीदारी ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया।
पारंपरिक वेशभूषा में शामिल महिलाओं ने शोभा यात्रा की आकर्षण को बढ़ाया। गाजे-बाजे और भक्ति गीतों के बीच निकली इस यात्रा को देखने के लिए शहरवासियों की भारी भीड़ सड़कों पर उमड़ पड़ी। भगवान राम, माता जानकी, महादेव और बजरंगबली की वेशभूषा में सजी झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। बैंड पार्टी और ढाक की धुन पर राम भक्त झूमते रहे और “जय श्री राम” के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा।
शोभा यात्रा रूईधासा से शुरू होकर डे मार्केट, गांधी चौक, फल चौक और चांदनी चौक होते हुए भूतनाथ गौशाला मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
शोभा यात्रा मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा जगह-जगह पानी और शरबत की व्यवस्था की गई थी। आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। एसडीपीओ-वन गौतम कुमार, एसडीएम अनिकेत कुमार तथा सदर थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन पुलिस बल के साथ विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय नजर आए। वहीं ड्रोन कैमरों से भी पूरी शोभा यात्रा की निगरानी की गई।
नागरिक एकता मंच के सदस्य त्रिलोक चंद जैन, अधिवक्ता शिशिर दास एवं समाजसेवी संजय जैन सहित अन्य लोग भी व्यवस्था में सहयोग करते हुए दिखाई दिए।
विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष मनोज गट्टानी, बजरंग दल के जिला संयोजक सुनील तिवारी, एंजल कुमार, गौरव गुप्ता, राकेश, विक्रम, सन्नी, मुकेश समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शोभा यात्रा को सफल बनाने में सक्रिय रहे।

जिले के सभी सातों प्रखंडों में रामनवमी का पर्व हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया, जिससे पूरे जिले में भक्तिमय माहौल बना रहा।



