*प्रशांत किशोर ने विधानसभा भवन में सर्वदलीय बैठक में लिया हिस्सा,बोले- 3 विषयों पर चर्चा हुई, सदन कम से कम 190 दिन चले, सरकार जो सदन में आश्वासन देती है उसपर अमल न हो तो कार्रवाई होनी चाहिए*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/पटना।* जन सुराज के सूत्रधार व बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर आगामी विधानसभा सत्र से पहले शुक्रवार को विधानसभा भवन में आयोजित सर्वदलीय बैठक में हिस्सा लिया। इस बैठक में विधानसभा सत्र से जुड़े विभिन्न विषयों और तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि सभी माननीय सदस्यों ने गंभीरता से इस बात को उठाया कि जो साल में सदन चलता है वो दिनों दिन बिहार में कम होता जा रहा है। विधानसभा के माननीय अध्यक्ष जी को यह आंकड़े भी बताए गए कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में पिछला जो विधानसभा रहा है उसमें सबसे कम दिन सत्र चला है। यह जो विषय है कि सदन पर्याप्त दिन चलना चाहिए, जो जन अपेक्षा है उसके हिसाब से सदन चलेगा तभी मुद्दे उठेंगे।
प्रशांत किशोर ने कहा कि 2010 से लेकर 2015 तक बिहार विधानसभा 189 दिन चला, 2015 से लेकर 2020 तक बिहार विधानसभा 154 दिन चला था। लेकिन अंतिम जो विधानसभा गया है उसमें सिर्फ 146 दिन सदन चला है। पहली जो चर्चा हुई है कि सदन पर्याप्त दिन चलना चाहिए। सिर्फ 4-5 दिन चलाने से बात नहीं बनेगी, कम से कम सदन 190 दिन चलना चाहिए। दूसरा जो माननीय मंत्रियों या सरकार के द्वारा सदन में आश्वासन दिया जाता है अगर उस आश्वासन पर अमल नहीं किया जा रहा है तो उस पर कार्रवाई होनी चाहिए। तीसरा, प्रश्नों के उत्तर के क्वालिटी को लेकर है। अधिकारियों या विभाग द्वारा जो उत्तर दिए जाते हैं,अगर वो उत्तर सही नहीं पाए गए तो उन अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
पीके ने कहा कि चर्चा हुई कि विधानसभा अध्यक्ष व उनके कार्यालय को यह देखना चाहिए कि पिछले 20 वर्षों के प्रश्नों के उत्तर को निकाल कर देखा जाए कि जहां कहीं भी विभाग ने गलत उत्तर दिए हैं तो उन पर कार्रवाई हुई की नहीं? अगर कार्रवाई होगी तो अफसर डरेंगे, अगर कार्रवाई नहीं होगी तो अफसर नहीं डरेंगे। इसके अलावा जो सवाल का पूछने का पोर्टल बनाया गया है उस पोर्टल को लेकर विधानसभा के सभी सदस्य कंफर्टेबल नही हैं। इसके लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था होनी चाहिए और विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय में एक सहायता केंद्र होना चाहिए। ताकि कोई माननीय सदस्य पोर्टल के फंशनिंग से कंफर्टेबल नहीं है तो वह सवाल पूछने से वंचित न रह जाए।
*आनंद मोहन की रिहाई रद्द होने पर पीके ने दिया बयान*
आनंद मोहन की रिहाई रद्द पर पीके ने कहा कि मुझे कोई जानकारी नहीं है, कानून संगत बात होनी चाहिए। जो भी कानून के हिसाब से ठीक है वो होना चाहिए। वो चाहे किसी व्यक्ति, किसी नेता का मामला हो या किसी जाति विशेष का मामला हो। जो कानून संगत बात है वो होनी चाहिए। पीके ने तेजस्वी यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वो विपक्ष के नेता हैं, उनका अपना अनुभव है कभी वो भी इन्हीं लोगों के साथ बैठकर सरकार बनाए थे। जिस आनंद मोहन की बात आप कर रहे हैं जब उन्हें जेल से निकालने के कानून बनाया जा रहा था तो वो खुद उस समय सरकार में बैठे हुए थे। तो अगर सरकार कानून का उपयोग अपने सत्ता को मजबूत करने के लिए या विरोधियों को कमजोर करने के लिए कर रही है तो उसके भागी तेजस्वी यादव और उनकी पार्टी भी रही है। वही लोग तो सत्ता में थे।



