District Adminstrationबिहारब्रेकिंग न्यूज़

सहरसा : लंबित कांडों के निष्पादन में तेजी लाएं, थानावार मासिक लक्ष्य करें निर्धारित

कोशी क्षेत्र के डीआईजी ने सहरसा, सुपौल और मधेपुरा के पुलिस अधिकारियों को दिया निर्देश, नशा मुक्ति अभियान को लेकर भी सख्ती

सहरसा, 25 नवंबर (के.स.)। अजय कुमार, कोशी क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक डॉ. कुमार आशीष ने लंबित आपराधिक कांडों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया है। बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में उन्होंने सहरसा के पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग और सुपौल के पुलिस अधीक्षक सरथ आरएस के साथ लंबित कांडों की जिलावार समीक्षा की। इस दौरान थाना एवं अनुसंधानकर्ता स्तर पर मासिक लक्ष्य निर्धारित कर पुराने और नए, दोनों प्रकार के मामलों के निष्पादन पर जोर दिया गया।

डीआईजी ने निर्देश दिया कि जिन कांडों में जख्म प्रतिवेदन और अंतिम चिकित्सीय मंतव्य लंबित हैं, उनकी अस्पतालवार सूची तैयार कर जिला पदाधिकारी एवं सिविल सर्जन को पत्र भेजा जाए। विधि-विज्ञान प्रयोगशाला से जांच प्रतिवेदन लंबित रहने पर संबंधित निदेशक को पत्र और पूर्व में भेजे गए पत्रों के लिए स्मार-पत्र भेजने को कहा गया। स्थानांतरण के बाद भी जिन पुलिस पदाधिकारियों के पास कांडों का प्रभार लंबित है, उनसे तत्काल प्रभार हस्तांतरित कराने का निर्देश दिया गया।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं अंचल पुलिस निरीक्षकों को कांडवार प्रभार ग्रहण की तिथि का सत्यापन कर 28 नवंबर 2026 तक प्रतिवेदन डीआईजी कार्यालय में जमा करने को कहा गया है। कांडों के निष्पादन का सत्यापन अंचल पुलिस निरीक्षक कार्यालय और सीसीटीएनएस की प्रविष्टियों से किया जाएगा। जिन मामलों में अंतिम प्रपत्र समर्पित करना बाकी है, उन्हें चिह्नित कर निष्पादित कराने का निर्देश दिया गया। चयनित निष्पादित कांडों की अभियोजन पदाधिकारियों के साथ समीक्षा कर स्पीडी ट्रायल के माध्यम से न्यायालय में त्वरित सुनवाई सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया गया।

डीआईजी ने बताया कि 23 नवंबर से ही कोशी क्षेत्र के जिलों में अंचल पुलिस निरीक्षकों और पर्यवेक्षी पदाधिकारियों के साथ प्रतिदिन कांडों के निष्पादन की जिलावार समीक्षा की जा रही है। इस संबंध में बिहार पुलिस मुख्यालय से भी निर्देश प्राप्त है।

बैठक में नशा मुक्ति अभियान को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए। अवैध शराब और मादक पदार्थों की बिक्री, भंडारण एवं तस्करी से संबंधित शिकायतों की थानावार समीक्षा करने को कहा गया। शिक्षा, स्वास्थ्य विभाग, पंचायत प्रतिनिधियों और स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से स्कूलों, कॉलेजों एवं पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। युवाओं और अभिभावकों को नशे के दुष्प्रभाव, उपचार की सुविधाओं तथा अवैध कारोबार की सूचना देने के माध्यमों की जानकारी देने का निर्देश दिया गया। नशा छोड़ने के इच्छुक लोगों को निकटतम उपचार एवं परामर्श केंद्र से जोड़ने तथा सभी थानों में केंद्रों के पते और संपर्क नंबर उपलब्ध रखने को भी कहा गया।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button