*नीतीश सेतु : विकास की राह पर बिहार*
जितेन्द्र कुमार सिन्हा, ::सेतु बनते हैं तो रास्ते खुलते हैं, रास्ते खुलते हैं तो संभावनाएं जन्म लेती हैं और संभावनाएं ही किसी प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखती है। विकास की यात्रा में सड़कें, पुल और सेतु केवल ईंट, पत्थर, कंक्रीट और लोहे से तैयार संरचनाएं नहीं होते हैं, बल्कि वे किसी समाज की आकांक्षाओं, आर्थिक गतिविधियों और बदलते भविष्य के प्रतीक होते हैं। बिहार जैसे भौगोलिक, सामाजिक और आर्थिक विविधताओं वाले प्रदेश में आधारभूत संरचनाओं का महत्व और भी बढ़ जाता है। यहां एक नया पुल केवल दो स्थानों के बीच की दूरी कम नहीं करता है, बल्कि विकास की नई संभावनाओं को भी जोड़ता है। इसी दृष्टि से 19.5 किलोमीटर लंबे ‘नीतीश सेतु’ को बिहार की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जाना चाहिए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम से जुड़ा यह सेतु केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि उस विकास दृष्टिकोण का प्रतीक है जिसमें संपर्क, सुविधा और आर्थिक गतिविधियों को प्रदेश की प्रगति का आधार माना गया है।
बिहार की विकास यात्रा को समझने के लिए उसके अतीत और वर्तमान के बीच तुलना करना आवश्यक है। एक समय था जब राज्य के अनेक इलाकों में नदी पार करना लोगों के लिए बड़ी चुनौती हुआ करता था। बरसात के दिनों में आवागमन बाधित हो जाता था। विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज पहुंचने, मरीजों को अस्पताल जाने, किसानों को अपनी उपज बाजार तक ले जाने और व्यापारियों को सामान पहुंचाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। ऐसे में पुल और सेतु का निर्माण आम आदमी के जीवन में प्रत्यक्ष बदलाव लाता है। जब यात्रा का समय घटता है, तो केवल ईंधन की बचत नहीं होती, बल्कि श्रम, समय और संसाधनों का बेहतर उपयोग भी संभव होता है। परिवहन सुगम होने से बाजारों का विस्तार होता है, नए व्यापारिक केंद्र विकसित होते हैं और निवेश की संभावनाएं बढ़ती है। 19.5 किलोमीटर लंबा नीतीश सेतु इसी व्यापक विकास सोच का प्रतिनिधित्व करता है। इसकी उपयोगिता को केवल इसकी लंबाई या निर्माण लागत से नहीं मापा जाना चाहिए। वास्तविक महत्व इस बात में है कि इससे कितने लोगों का जीवन आसान होगा, कितने क्षेत्रों को बेहतर संपर्क मिलेगा और कितनी नई आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।
विकास की राजनीति में आधारभूत संरचनाओं की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है। सड़क, पुल, बिजली, पानी और संचार व्यवस्था किसी भी प्रदेश की आर्थिक प्रगति के बुनियादी स्तंभ हैं। उद्योग लगाने के लिए निवेशक को बेहतर सड़क चाहिए, किसानों को बाजार तक पहुंचने के लिए सुगम परिवहन चाहिए और युवाओं को रोजगार के अवसरों तक पहुंचने के लिए बेहतर संपर्क व्यवस्था चाहिए। बिहार में नदियों का विस्तृत जाल है। गंगा, गंडक, कोसी, सोन, बागमती और अन्य नदियां जहां प्रदेश की प्राकृतिक पहचान हैं, वहीं कई क्षेत्रों में आवागमन की चुनौती भी पैदा करती हैं। ऐसे भौगोलिक परिवेश में पुलों और सेतुओं का निर्माण विकास की अनिवार्य आवश्यकता है। नीतीश कुमार के कार्यकाल में सड़क और पुल निर्माण को शासन की प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने के प्रयास हुए। इसका परिणाम यह हुआ कि बिहार के विकास विमर्श में सड़क और पुल जैसी बुनियादी सुविधाएं प्रमुख मुद्दा बनी है। हालांकि विकास का अर्थ केवल निर्माण कार्यों की संख्या बढ़ाना नहीं है। किसी भी परियोजना की सफलता का वास्तविक पैमाना उसका जनहित में उपयोग, उसकी गुणवत्ता, रखरखाव और उससे पैदा होने वाले आर्थिक अवसर है।
बिहार की राजनीति में नीतीश कुमार का एक महत्वपूर्ण राजनीतिक परिचय विकास और सुशासन के दावे से जुड़ा रहा है। उनके राजनीतिक कार्यकाल के समर्थक कानून-व्यवस्था, सड़क निर्माण, बिजली, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण संपर्क व्यवस्था में हुए बदलावों को उनकी उपलब्धियों के रूप में प्रस्तुत करते हैं। राजनीति में किसी नेता का मूल्यांकन केवल उसके भाषणों और घोषणाओं से नहीं होता है। जनता उसके कार्यकाल में हुए बदलावों को भी देखती है। गांव से शहर तक पहुंचने वाली सड़क, नदी पर बना पुल, घरों तक पहुंचती बिजली और विद्यालयों में बढ़ती छात्राओं की उपस्थिति ऐसे उदाहरण हैं जिनका प्रभाव आम आदमी अपने जीवन में महसूस करता है। नीतीश कुमार के राजनीतिक व्यक्तित्व की एक विशेषता यह रही है कि उन्होंने आधारभूत सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्था को राजनीतिक विमर्श का हिस्सा बनाया। यही कारण है कि बिहार में विकास के सवाल पर उनकी भूमिका की चर्चा अक्सर होती है। लेकिन किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में उपलब्धियों का मूल्यांकन निष्पक्ष होना चाहिए। योजनाओं की प्रशंसा के साथ उनकी कमियों पर भी चर्चा जरूरी है। विकास कोई पूर्ण हो चुका अध्याय नहीं है, बल्कि लगातार आगे बढ़ने वाली प्रक्रिया है।
बिहार को आज सबसे अधिक आवश्यकता विकास की निरंतरता की है। राजनीतिक दल बदल सकते हैं, सरकारें बदल सकती है और नेतृत्व में परिवर्तन हो सकता है, लेकिन विकास की योजनाओं का उद्देश्य नहीं बदलना चाहिए। प्रदेश को ऐसी राजनीतिक संस्कृति की आवश्यकता है जिसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों विकास के मुद्दों पर अपनी जिम्मेदारी समझें। सड़क और पुल का निर्माण किसी एक राजनीतिक दल की निजी उपलब्धि नहीं है, बल्कि जनता के संसाधनों से जनता के लिए तैयार की गई सार्वजनिक संपत्ति है। नीतीश सेतु जैसी परियोजनाओं का लाभ तभी व्यापक होगा जब इसके साथ क्षेत्रीय आर्थिक विकास की योजनाएं भी जुड़ें। सेतु के दोनों ओर बेहतर सड़कें हो, परिवहन सुविधाएं विकसित हो, बाजारों का विस्तार हो और स्थानीय युवाओं को रोजगार मिले। केवल पुल बनाकर विकास की संपूर्ण तस्वीर तैयार नहीं हो सकती है। बिहार को आज रोजगार के अवसरों, मजबूत उद्योगों, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं पर पहले से अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है। प्रदेश के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों का रुख करने की मजबूरी कम होनी चाहिए। इसके लिए कृषि आधारित उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण, लघु एवं मध्यम उद्योग, आईटी, पर्यटन और सेवा क्षेत्र में निवेश बढ़ाना होगा।
किसी भी बड़े पुल या सड़क परियोजना का सबसे बड़ा लाभ तब दिखाई देता है जब उसके आसपास आर्थिक गतिविधियां विकसित होती हैं। उदाहरण के लिए, किसी क्षेत्र में बेहतर संपर्क व्यवस्था स्थापित होने के बाद वहां औद्योगिक इकाइयां लग सकती हैं, गोदाम बन सकते हैं, कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण केंद्र विकसित हो सकते हैं और परिवहन व्यवसाय को बढ़ावा मिल सकता है। बिहार कृषि प्रधान राज्य है। यहां मक्का, धान, गेहूं, फल, सब्जियां और अन्य कृषि उत्पादों की व्यापक संभावनाएं है। लेकिन किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए केवल उत्पादन पर्याप्त नहीं है। उत्पादन को बाजार तक पहुंचाना, उचित मूल्य दिलाना और प्रसंस्करण की सुविधाएं उपलब्ध कराना भी जरूरी है। नीतीश सेतु जैसी संपर्क परियोजनाएं इस दिशा में सहायक बन सकती है। यदि इनके माध्यम से ग्रामीण उत्पादन क्षेत्रों को बड़े बाजारों से जोड़ा जाए तो किसानों, व्यापारियों और उद्यमियों के लिए नए अवसर पैदा होंगे। इसके साथ ही सरकार को यह सुनिश्चित करना होगा कि औद्योगिक निवेश केवल कागजों और निवेश सम्मेलनों तक सीमित न रहे। जमीन पर उद्योग स्थापित हो, स्थानीय लोगों को रोजगार मिले और बिहार का युवा अपने प्रदेश में ही अपने सपनों को पूरा कर सके।
किसी प्रदेश की प्रगति का मूल्यांकन केवल पुलों, सड़कों और भवनों से नहीं किया जा सकता है। विकास का सबसे मानवीय चेहरा शिक्षा और स्वास्थ्य में दिखाई देता है। बिहार को ऐसे विद्यालयों और महाविद्यालयों की आवश्यकता है जहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो। तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रमों का विस्तार जरूरी है। युवाओं को केवल डिग्री नहीं, बल्कि ऐसी क्षमता मिलनी चाहिए जिससे वे बदलती अर्थव्यवस्था में अपनी जगह बना सके। इसी तरह स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार भी अत्यंत आवश्यक है। गांवों में बेहतर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, अनुमंडल स्तर पर सक्षम अस्पताल और जिला अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना होगा। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को दूसरे राज्यों की ओर जाने की मजबूरी कम होनी चाहिए। विकास की असली कसौटी यही है कि आम नागरिक को बेहतर जीवन मिले। यदि किसी गांव का विद्यार्थी आसानी से कॉलेज पहुंच सकता है, किसी गर्भवती महिला को समय पर अस्पताल पहुंचने की सुविधा मिलती है और किसी किसान की उपज कम समय में बाजार तक पहुंचती है, तभी आधारभूत संरचना का वास्तविक उद्देश्य पूरा होता है।
लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। विपक्ष सरकार की नीतियों की समीक्षा करता है, कमियों को उजागर करता है और जनता के सवालों को सत्ता तक पहुंचाता है। लेकिन विपक्ष की राजनीति केवल विरोध तक सीमित रह जाए तो जनता के सामने उसका विकल्प कमजोर पड़ जाता है। बिहार की राजनीति में तेजस्वी यादव और उनकी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल, विकास के सवालों पर नीतीश कुमार की सरकार को चुनौती देते रहे हैं। रोजगार, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय जैसे विषयों पर उनकी राजनीति का अपना आधार है। इन मुद्दों को उठाना विपक्ष का लोकतांत्रिक अधिकार भी है और जिम्मेदारी भी। लेकिन सवाल यह है कि क्या विकास की राजनीति केवल भाषणों और आरोपों से आगे बढ़ सकती है? क्या जनता को केवल यह बताना पर्याप्त है कि सरकार ने क्या नहीं किया, या यह भी बताना होगा कि सत्ता में आने पर क्या किया जाएगा? यदि तेजस्वी यादव की राजनीतिक दृष्टि में नीतीश सेतु केवल कंक्रीट और लोहे का ढांचा दिखाई देता है, तो यह विकास के व्यापक अर्थ को सीमित करके देखने जैसा होगा। किसी पुल को केवल उसके निर्माण में लगी सामग्री से नहीं पहचाना जा सकता है। उसकी पहचान उन रास्तों से होती है जो वह खोलता है और उन लोगों से होती है जिनके जीवन में वह सुविधा लेकर आता है। राजनीति का आईना केवल सत्ता का चेहरा नहीं दिखाता है, बल्कि जनता की अपेक्षाओं और नेताओं की जिम्मेदारियों को भी सामने लाता है। तेजस्वी यादव हो या कोई अन्य विपक्षी नेता, उन्हें यह बताना होगा कि बिहार के विकास के लिए उनकी वैकल्पिक योजना क्या है। वे उद्योग कैसे लाएंगे, रोजगार कैसे पैदा करेंगे, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में किस तरह सुधार करेंगे और आधारभूत संरचनाओं के विस्तार को कैसे गति देंगे? लोकतंत्र में किसी नेता की राजनीतिक विश्वसनीयता केवल सत्ता पाने की क्षमता से नहीं है, बल्कि जनता को बेहतर भविष्य का भरोसा देने से बनती है।
यह भी एक राजनीतिक सच्चाई है कि राजनीति किए बिना विकास का एक कदम भी आगे बढ़ाना आसान नहीं है। किसी पुल के निर्माण का निर्णय प्रशासनिक प्रक्रिया से शुरू हो सकता है, लेकिन उसके लिए राजनीतिक इच्छाशक्ति, बजट का प्रावधान, विभागीय समन्वय, भूमि संबंधी निर्णय और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता आवश्यक होती है। इसलिए विकास और राजनीति को एक-दूसरे के विरोध में खड़ा करना उचित नहीं होगा। राजनीति यदि जनसेवा का माध्यम बने तो वह विकास की सबसे बड़ी शक्ति बन सकती है। लेकिन जब राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने और उसे बनाए रखने का साधन बन जाती है, तब विकास पीछे छूटने लगता है। नीतीश सेतु का नामकरण भी राजनीतिक और सार्वजनिक विमर्श का विषय हो सकता है। किसी नेता के नाम पर परियोजना का नाम रखा जाना उसकी राजनीतिक विरासत से जुड़ता है। लेकिन नाम से अधिक महत्वपूर्ण उसका काम है। आने वाली पीढ़ियां किसी सेतु को इस आधार पर याद करेगी कि उसने उनके जीवन को कितना आसान बनाया, न कि केवल इस आधार पर कि उसका नाम किस नेता के नाम पर रखा गया था। यही लोकतांत्रिक राजनीति की सुंदरता भी है। सत्ता में रहने वाला नेता अपने कामों से पहचान बनाता है और विपक्ष अपनी वैकल्पिक नीतियों से जनता का विश्वास जीतता है।
बिहार के सामने चुनौतियां कम नहीं है। बड़ी आबादी, रोजगार की आवश्यकता, औद्योगिक विकास की सीमित गति, शिक्षा की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार और पलायन जैसे मुद्दे आज भी गंभीर है। इन चुनौतियों का समाधान किसी एक पुल, सड़क या योजना से संभव नहीं है। इसके लिए एक समग्र विकास रोडमैप चाहिए। इस रोडमैप में पांच प्राथमिकताएं स्पष्ट होनी चाहिए। पहली- आधारभूत संरचनाओं का विस्तार और रखरखाव। दूसरी- कृषि और उद्योग के बीच मजबूत संबंध स्थापित करना। तीसरी- युवाओं के लिए कौशल आधारित शिक्षा और स्थानीय रोजगार के अवसर पैदा करना। चौथी- स्वास्थ्य सुविधाओं को गांव से जिला स्तर तक मजबूत करना। पांचवीं- प्रशासनिक पारदर्शिता और योजनाओं के क्रियान्वयन की जवाबदेही सुनिश्चित करना। बिहार के पास मानव संसाधन, कृषि, पर्यटन, सांस्कृतिक विरासत और उद्यमशीलता की अपार संभावनाएं है। आवश्यकता इन संभावनाओं को सही दिशा देने की है। राजगीर, बोधगया, नालंदा, वैशाली, पटना और मिथिला जैसे क्षेत्रों में पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई दी जा सकती है। कृषि आधारित उद्योगों और खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत की जा सकती है। बेहतर संपर्क व्यवस्था इन सभी प्रयासों को गति दे सकती है।
नीतीश सेतु को बिहार की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में देखा जाना चाहिए, लेकिन इसे मंजिल नहीं समझना चाहिए। किसी भी प्रदेश की प्रगति तब होती है जब एक उपलब्धि अगली उपलब्धि का आधार बनती है। आज बिहार को ऐसे ही अनेक सेतुओं की जरूरत है। कुछ सेतु नदियों पर बनने चाहिए, कुछ गांवों और शहरों के बीच, कुछ शिक्षा और रोजगार के बीच तथा कुछ सरकार और जनता के विश्वास के बीच। राजनीतिक नेतृत्व की वास्तविक परीक्षा भी यही है कि वह अपने कार्यकाल में कितनी स्थायी विकास संरचनाएं तैयार करता है और आने वाली पीढ़ियों के लिए कितने अवसर छोड़ता है। नीतीश कुमार के नाम पर बने 19.5 किलोमीटर लंबे नीतीश सेतु को लेकर राजनीतिक बहस हो सकती है। सत्ता पक्ष इसे अपनी विकास उपलब्धि बताएगा और विपक्ष इसकी उपयोगिता, लागत तथा अन्य पहलुओं पर सवाल उठा सकता है। यह लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा है। लेकिन इस बहस के बीच जनता का हित सबसे ऊपर रहना चाहिए। तेजस्वी यादव सहित सभी विपक्षी नेताओं को भी विकास के मुद्दों पर केवल आलोचना नहीं, बल्कि ठोस विकल्प प्रस्तुत करने चाहिए। इसी तरह सत्ता पक्ष को भी परियोजनाओं की उपलब्धियों के साथ उनकी कमियों और जनता की अपेक्षाओं पर ध्यान देना चाहिए। सेतु बनते हैं तो रास्ते खुलते हैं, रास्ते खुलते हैं तो संभावनाएं जन्म लेती हैं और संभावनाएं ही किसी प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखती है। बिहार को अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर विकास की निरंतरता का संकल्प लेना होगा। नीतीश सेतु की सार्थकता तभी सिद्ध होगी जब उसके दोनों छोरों पर समृद्धि के नए रास्ते खुलें, युवाओं को रोजगार मिले, किसानों को बाजार मिले और आम नागरिक को बेहतर सुविधाएं प्राप्त हो। क्योंकि बिहार को केवल नदियों पर बने सेतुओं की जरूरत नहीं है, उसे बेरोजगारी से रोजगार, पिछड़ेपन से प्रगति और संभावनाओं से उपलब्धियों तक पहुंचाने वाले सेतुओं की भी जरूरत है। यही विकास का वास्तविक अर्थ है और यही बिहार के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव भी।
———-


