ताजा खबर

*धामों में राम, भक्ति में हनुमान : जितेन्द्र कुमार सिन्हा की छठवीं कृति का हुआ लोकार्पण*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/पत्रकारिता, समाजसेवा और साहित्य के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करने वाले तथा अनेक सम्मानों से सम्मानित लेखक जितेन्द्र कुमार सिन्हा की छठवीं पुस्तक ‘धामों में राम, भक्ति में हनुमान’ का लोकार्पण आरपीएस मोड़ स्थित ‘प्रमोद लड्डू भंडार’ के हॉल में एक सादे एवं गरिमामय समारोह में किया गया। इस अवसर पर साहित्य, पत्रकारिता, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पुस्तक का लोकार्पण लेखक की साहित्यिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में भगवान श्रीराम मर्यादा, त्याग, सत्य और आदर्श जीवन के प्रतीक हैं, वहीं उनके परम भक्त हनुमान सेवा, समर्पण, शक्ति और निष्काम भक्ति की अनुपम मिसाल हैं। श्री सिन्हा ने अपनी नई कृति में इन दोनों आराध्य स्वरूपों के धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को एक साथ प्रस्तुत करने का प्रयास किया है। पुस्तक का शीर्षक ही इसकी मूल भावना को स्पष्ट करता है कि जहां भारत के प्रमुख धामों में राम की महिमा विद्यमान है, वहीं भक्तों के हृदय में हनुमान के प्रति अटूट श्रद्धा और समर्पण का भाव रचा-बसा है।

‘धामों में राम, भक्ति में हनुमान’ को लेखक ने तीन अलग-अलग खंडों में विभाजित किया है। पुस्तक का पहला खंड ‘नालाम्बलम यात्रा’ पर केंद्रित है। इसमें भगवान श्रीराम और उनके तीनों भाइयों लक्ष्मण, भरत तथा शत्रुघ्न से जुड़े धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व को समझने का अवसर मिलता है। यह खंड पाठकों को भारतीय धार्मिक परंपराओं और तीर्थयात्रा की विशिष्टता से परिचित कराता है। दूसरे खंड में देश के प्रसिद्ध हनुमान मंदिरों का विश्लेषण किया गया है। इन मंदिरों की धार्मिक मान्यताओं, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विशेषताओं तथा भक्तों की आस्था के विविध स्वरूपों को समझने का प्रयास किया गया है। हनुमान जी के प्रति देशभर में व्याप्त श्रद्धा और भक्ति की परंपरा इस खंड का प्रमुख आकर्षण है। पुस्तक के तीसरे खंड में भगवान श्रीराम के प्रमुख मंदिरों का विवेचन किया गया है। इसमें रामभक्तों के लिए महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों और श्रीराम की उपासना से जुड़ी परंपराओं को स्थान दिया गया है। इस प्रकार पुस्तक केवल मंदिरों और धामों का परिचय नहीं देती, बल्कि रामकथा, पारिवारिक आदर्श, भ्रातृप्रेम और भक्तिभाव की भारतीय परंपरा को भी रेखांकित करती है।

जितेन्द्र कुमार सिन्हा की यह छठवीं प्रकाशित कृति है। इससे पहले उनकी पांच पुस्तकें ‘शिव तत्त्व’, ‘कायस्थ विरासत’, ‘गुप्त महाशक्ति’, ‘गया जी’ और ‘बिहार : मतपेटी से लोकतंत्र तक’ प्रकाशित हो चुकी हैं। इन पुस्तकों के विषयों में धर्म, अध्यात्म, सामाजिक विरासत, सांस्कृतिक पहचान और राजनीतिक लोकतंत्र जैसे विविध आयाम शामिल है।

उनकी लेखन यात्रा की विशेषता यह है कि वे अलग-अलग विषयों के माध्यम से भारतीय परंपरा, इतिहास, संस्कृति और सामाजिक जीवन के महत्वपूर्ण पक्षों को पाठकों के सामने लाने का प्रयास करते हैं। ‘शिव तत्त्व’ में शिव के आध्यात्मिक स्वरूप, ‘कायस्थ विरासत’ में सामाजिक-सांस्कृतिक पहचान और ‘गया जी’ में धार्मिक महत्व को स्थान देने के बाद अब नई पुस्तक के माध्यम से उन्होंने राम और हनुमान की भक्ति परंपरा को केंद्र में रखा है।

लोकार्पण समारोह में महालेखाकार बिहार से सेवानिवृत्त शशिभूषण प्रसाद, पटना एजी कॉलोनी की आशा अम्बष्टा, वरिष्ठ पत्रकार, सह-संपादक एवं राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा आयोग के सदस्य सुरेन्द्र कुमार रंजन, बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में कार्यरत धर्मेश कुमार, यारपुर निवासी संजय कुमार सिन्हा, मीणा सिन्हा और अंजली सिन्हा उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त एजी कॉलनी निवासी अर्चना कुमारी, आशा अम्बष्ठ, धीरज, प्रीति सिन्हा, शान्ति हेरिटेज निवासी उमा शंकर प्रसाद वर्मा, स्मृति वर्मा, ऐलन इंस्टीट्यूट के प्रोफेसर अमित सिन्हा, मुस्तफापुर त्रिभुवन मोड़ निवासी शालिनी प्रिया सिन्हा, पत्रकार आभा सिन्हा, पत्रकार सुरभि सिन्हा, अभियंता प्रशांत सिन्हा तथा कंकड़बाग कांटी फैक्टरी निवासी अभियंता सुशांत कुमार सहित अनेक गणमान्य लोगों ने समारोह में भाग लिया। उपस्थित लोगों ने नई पुस्तक के प्रकाशन पर लेखक को बधाई और शुभकामनाएं दी। पुस्तक की विषयवस्तु को भारतीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से नई पीढ़ी को जोड़ने की दिशा में उपयोगी प्रयास बताया।

आज के तेजी से बदलते सामाजिक परिवेश में धार्मिक और सांस्कृतिक साहित्य का महत्व और बढ़ जाता है। ऐसी पुस्तकें न केवल हमारी परंपराओं और तीर्थस्थलों से परिचित कराती हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों को समझने का अवसर भी देती है।

‘धामों में राम, भक्ति में हनुमान’ इसी उद्देश्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण साहित्यिक प्रयास है। भगवान श्रीराम के आदर्शों और हनुमान जी की अनन्य भक्ति को केंद्र में रखकर लिखी गई यह कृति श्रद्धालुओं, अध्यात्म प्रेमियों और भारतीय संस्कृति में रुचि रखने वाले पाठकों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। जितेन्द्र कुमार सिन्हा की यह नई पुस्तक उनकी साहित्यिक यात्रा में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ती है।
—————–

Related Articles

Back to top button