District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : अब मोबाइल से करें अवैध शराब के कारोबार की गुप्त शिकायत, पहचान रहेगी गोपनीय

तस्करी, निर्माण, बिक्री और भंडारण की सूचना व्हाट्सएप पर भेजने की सुविधा शुरू, कार्यालयों का चक्कर लगाने से मिलेगी मुक्ति

किशनगंज, 20 नवंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए मद्य निषेध विभाग ने नई पहल की है। अब आम नागरिक घर बैठे अपने मोबाइल से अवैध शराब के कारोबार की गुप्त शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए मद्य निषेध विभाग, बिहार की ओर से एक्साइज हेल्प डेस्क और क्यूआर कोड आधारित चैटबॉट की सुविधा शुरू की गई है। खास बात यह है कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इसके लिए विभाग ने व्हाट्सएप नंबर 9473400600 जारी किया है।

शहर की गलियों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक यदि कहीं अवैध रूप से शराब का निर्माण, बिक्री, तस्करी या भंडारण किया जा रहा है तो नागरिक इसकी सूचना सीधे विभाग को दे सकते हैं। किसी मकान, गोदाम, दुकान या अन्य स्थान पर शराब छिपाकर रखने अथवा चोरी-छिपे बेचने की जानकारी भी व्हाट्सएप के माध्यम से भेजी जा सकती है। इसके लिए अब मद्य निषेध विभाग के कार्यालयों का चक्कर लगाने या अपनी पहचान सार्वजनिक करने की जरूरत नहीं होगी। मोबाइल से ही क्यूआर कोड स्कैन कर अथवा दिए गए नंबर पर संदेश भेजकर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

अधीक्षक मद्य निषेध दीपक मिश्रा ने बताया कि इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और अभियान में आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि चैटबॉट के माध्यम से केवल शिकायत ही नहीं, बल्कि नशामुक्ति से संबंधित जागरूकता सामग्री, परामर्श और नशामुक्ति केंद्रों की जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है।

इसके अलावा विभाग ने ऑनलाइन नशामुक्ति की शपथ लेने की सुविधा भी उपलब्ध कराई है, ताकि अधिक से अधिक लोग नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।

विभाग की इस पहल से अवैध शराब के कारोबार की सूचना देना पहले से अधिक आसान हो गया है। अब जरूरत है कि नागरिक अपने आसपास होने वाली ऐसी गतिविधियों के प्रति जागरूक रहें और बिना किसी भय के विभाग को गोपनीय सूचना देकर नशामुक्त बिहार अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button