ताजा खबर

*सरस्वती विद्या निकेतन के विद्यार्थियों को दिया जाएगा मानसिक एकाग्रता का प्रशिक्षण*

*मुफ्त में आयोजित किए जाएंगे विपश्यना और आनापान ध्यान कार्यक्रम*

*आत्मानुशासन और व्यक्तित्व विकास पर भी रहेगा जोर*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/पटना। राज्य के सभी सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) के छात्र-छात्राओं की मानसिक एकाग्रता, आत्मानुशासन, भावनात्मक संतुलन और व्यक्तित्व विकास के लिए निःशुल्क विपश्यना एवं आनापान ध्यान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह कार्यक्रम धम्म केंद्र के माध्यम से संचालित होगा।
शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी के निर्देश पर माध्यमिक शिक्षा निदेशक श्री नितिन कुमार सिंह ने मंगलवार को इस संबंध में सभी डीईओ को दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच और मानसिक एकाग्रता विकसित करने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है।

*मुफ्त होगा प्रशिक्षण कार्यक्रम*

कार्यक्रम में भाग लेने वाले विद्यार्थियों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। संबंधित धम्म केंद्र कार्यक्रम की अवधि, तिथि, स्थान, आयु समूह और अन्य जरूरी जानकारियां उपलब्ध कराएंगे। बच्चों के सुरक्षित आवागमन और परिवहन खर्च की जिम्मेदारी भी धम्म केंद्र की होगी। इसके लिए उसे लिखित प्रतिबद्धता देनी होगी। कार्यक्रम से जुड़े सभी दस्तावेजों और व्यवस्थाओं की समीक्षा डीईओ करेंगे। संतुष्ट होने के बाद ही अनुमति देंगे।

*कार्यक्रम में भाग लेना पूरी तरह स्वैच्छिक*

विद्यालय के प्रधानाध्यापक इच्छुक और पात्र विद्यार्थियों की सूची तैयार करेंगे। हर विद्यार्थी के अभिभावक से लिखित सहमति लेना अनिवार्य होगा। कार्यक्रम में भाग लेना पूरी तरह स्वैच्छिक होगा। किसी भी विद्यार्थी को अभिभावक की सहमति के बिना शामिल नहीं किया जाएगा। भाग नहीं लेने वाले बच्चों के साथ कोई भेदभाव भी नहीं होगा।

*विद्यालय-अभिभावक पर बोझ नहीं*

बच्चों की सुरक्षा, प्राथमिक चिकित्सा, निगरानी और सुरक्षित वापसी की समुचित व्यवस्था करनी होगी। कार्यक्रम के संचालन पर किसी विद्यालय या अभिभावक पर आर्थिक बोझ नहीं डाला जाएगा। इसकी पूरी वित्तीय जिम्मेदारी संबंधित संस्थान की होगी। कार्यक्रम के आयोजन के बाद डीईओ रिपोर्ट तैयार कर विभाग को भेजेंगे।

Related Articles

Back to top button