झारखंडताजा खबरदेशप्रमुख खबरेंयोजनाराजनीतिराज्य

मोदी, मोदी…के नारों से गूंज उठा बीजेपी कार्यालय, पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

नरेंद्र मोदी का काफिला बीजेपी कार्यालय रुका महिला मोर्चा व वहां मौजूद आमजन और पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री पर पुष्पवर्षा करनी शुरु कर दी


रांची : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रांची (Ranchi) आगमन को लेकर शाम से ही बीजेपी कार्यालय में लोगाें की भीड़ उमड़ने लगी थी। जैसे ही सूचना मिली कि प्रधानमंत्री का आगमन रांची एयरपोर्ट (Ranchi Airport) पर हो चुका है वैसे ही लोगों व बीजेपी कार्यकर्ताओं की भीड़ कतारबद्ध होने लगी। अधिकांश लोग स्थानीय ही थे लेकिन आसपास के जिलों से भी आमजन व कार्यकर्ता लगातार पहुंच रहे थे। बीजेपी कार्यालय के सामने महिला मोर्चा की पूरी टीम फूलमाला लेकर कतारबद्ध थी। प्रदेश अध्यक्ष आरती कुजूर के नेतृत्व में मंजूलता दुबे, रेणुका मुर्मु, लक्ष्मी कुमारी, जयश्री महतो, माया सिंह सिसौदिया, अनिता भाटिया, बबिता झा, साईं हैम्ब्रम समेत सैकड़ाें की संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने रंगोली बनाकर और दीये जलाकर प्रधानमंत्री का स्वागत करती दिखी। ठीक 10:10 मिनट पर नरेंद्र मोदी का काफिला बीजेपी कार्यालय पहुंचा। इस दौरान महज दो मिनट के लिए नरेंद्र मोदी अपनी कार से उतरे और कार्यकर्ताओं व आमजनों का अभिवादन स्वीकार किया।


पुष्प वर्षा कर किया स्वागत :
जैसे ही नरेंद्र मोदी का काफिला बीजेपी कार्यालय रुका महिला मोर्चा व वहां मौजूद आमजन और पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री पर पुष्पवर्षा करनी शुरु कर दी। प्रधानमंत्री ने सभी का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान भारत माता की जय, जय श्रीराम और वंदे मातरम जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

हजारीबाग से रांची पहुंचे थे कार्यकर्ता :
हजारीबाग से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए रांची पहुंचे थे। उन्होंने नरेंद्र मोदी का तैल चित्र लेकर उनका स्वागत किया। वहीं युवा कार्यकर्ताओं में भी जबरदस्त उत्साह व उमंग का माहौल देखा गया। लोग नरेंद्र मोदी की तस्वीर अपने मोबाइल में लेने के लिए बेताब दिखे।


भैया, हम तो प्रधानमंत्री को छू लिए :
नरेंद्र मोदी का युवाओं में क्रेज का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जैसे ही उनका काफिला बीजेपी कार्यालय से आगे बढ़ा कि पीछे से आवाज आई कि भैया हम तो प्रधानमंत्री को छू लिए। युवाओं में नरेंद्र मोदी को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा था। कई लोग तो शाम 6 बजे से ही बीजेपी कार्यालय व सहजानंद चौक पर पहुंच चुके थे।


पारंपरिक तरीके से किया स्वागत :
वहीं सहजानंद चौक पर प्रतुल शाहदेव के नेतृत्व में पारंपरिक तरीके से संदीप वर्मा, दिव्या साहू, सुजीत शर्मा, अनिता वर्मा, अश्विनी सुखीजा, राहुल शाहदेव, प्रेम वर्मा समेत इस्कान से आई कीर्तन मंडली और लापुंग से आई उरांव नृत्य मंडली ने पारंपरिक तरीके से नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। शाम 5 बजे से ही इस्कान व उरांव नृत्य मंडली के 23 सदस्यों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति नगाड़े की थाप पर दी।


सुबह से ही मोर्चा संभाले थे पुलिस बल :
नरेंद्र मोदी के आगमन के मद्देनजर सुबह से ही इस क्षेत्र में पुलिस प्रशासन सक्रिय दिखा। अन्य जिलों से भी पुलिस बलों की टुकड़ियां मंगाई गई थी। जो दिनभर सुरक्षा व्यवस्था में तैनात दिखे। सहजानंद चौक और बीजेपी कार्यालय के बाहर पुलिस गाड़ी गश्ती करती रही। यह सिलसिला प्रधानमंत्री के इन जगहों से जाने के बाद तक जारी रहा।

युवाओं ने कहा, मोदी से बेहतर विकल्प कुछ नहीं :

नरेंद्र मोदी देश ही नहीं पूरे विश्व के नेता बन चुके हैं। उनका डंका पूरे विश्व में बज रहा है। देश लगातार प्रगति के पथ पर अग्रसर है। अबकी बार नहीं बल्कि हर बार मोदी सरकार।
: गौरव अग्रवाल

नरेंद्र मोदी को देखने आए हैं। शाम से ही उनका इंतजार कर रहे हैं। हमलोगों के प्रिय नेता हैं और उनका यहां आना शुभ संकेत है, राज्य के विकास के लिए भी उनका पिटारा खुलेगा।
: रजनीश मंडल

हमारी पूरी टीम नरेंद्र मोदी को देखने आई है। हमलोग अपना कार्य कर सीधे यहां पहुंचे हैं। इस बार भी केंद्र में मोदी सरकार ही बनेगी।
: ऋतिक सिंह

नरेंद्र मोदी के कारण ही भारत का डंका पूरे विश्व में बज रहा है। देश का मान सम्मान बढ़ा है। सुरक्षा व्यवस्था को गति मिली है।
: अंकित वैद्य

ऐसा नेता बिरले ही देश को मिलता है, जिसके स्वागत में पूरी रांची आज सड़क पर उतर आई है। पूरी उम्मीद है कि देश में एक बार फिर नरेंद्र मोदी ही प्रधानमंत्री बनेंगे।
: इंद्रजीत कुमार

हमलोग काफी उत्सुक हैं अपने प्रिय नेता को देखने के लिए। शाम से ही सभी महिलाएं कतारबद्ध है। ऐसा दृश्य पहले कभी नहीं देखा था।
: रफिया नाज

काफी उत्साह और उमंग है। नरेंद्र मोदी को देखने के बाद तीन घंटे तक खड़ा रहने की थकान मिट गई, वकई नरेंद्र मोदी का जादुई व्यक्तित्व है।
: सुचिता सिंह

लोगों की भीड़ और उत्साह देखकर साबित हो रहा है कि सचमुच में नरेंद्र मोदी ही देश के नेता हैं। प्रधानमंत्री के स्वागत में पुष्प वर्षा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
: ऐश्वर्या सहाय

हजारीबाग से पूरी टीम के साथ आए हैं। उन्हें तैल चित्र प्रदान करना चाह रहे थे लेकिन मौका नहीं मिला। खैर, उनके स्वागत के लिए लोगों का उत्साह देखकर काफी खुशी हुई।
: बटेश्वर मेहता

सुबह से ही नरेंद्र मोदी को देखने के लिए हमलोग यहां जुटे थे। दो मिनट में ही पूरा माहौल मोदीमय हो गया। अब 2024 के चुनाव का इंतजार है जब तीसरी बार नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे।
: टिंकू।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button