अपराधघटना/दुर्घटनाझारखंडताजा खबरप्रमुख खबरेंराज्य

मिठाई दुकानदार पर हमले के विरोध में कारोबारियों ने बंद रखी दुकानें, कहा आरोपियों पर हो कार्रवाई

सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की गई, दो लोगों की हुई गिरफ्तारी


रांची : शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के हरमू रोड स्थित किशोरगंज चौक पर शनिवार की रात मिठाई दुकान के संचालक और स्टाफ पर हमला हुआ था। जिसके विरोध में कारोबारियों ने रविवार को किशोरगंज चौक पर दुकानें बंद रखी। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की गई। बता दें कि शनिवार रात किशोरगंज चौक पर एक गुट के 70 से 80 लोग एक साथ प्रीति स्वीट्स के संचालक रुद्र प्रताप नाथ शाहदेव और उनके स्टाफ मनोज यादव पर हमला किया था। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के संबंध में बताया जाता है कि शनिवार रात 8:30 बजे किशोरगंज चौक पर हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र के रहने वाले बिल्डर निलेश लाल अपनी कार सड़क किनारे खड़ी की थी। इसी दौरान स्कूटी सवार युवक ने कार को धक्का का मार दिया। जिसे लेकर दोनों पक्षों में थोड़ी कहासुनी हो गई। प्रीति स्वीट्स के संचालक और स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप में मामला शांत हुआ। इसी बीच स्कूटी सवार युवकों ने मामले की सूचना फोन कर किसी को दी। इसके बाद एक पक्ष के लोग 70 से 80 की संख्या में तलवार और लाठी डंडे से लैस होकर रात 9:45 बजे मौके पर पहुंचे और प्रीति स्वीट्स पर हमला कर दिया। विरोध करने पर होटल संचालक और उसके स्टाफ की जमकर पिटाई कर दी। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

इस घटना के बाद वहां के दुकानदारों में जबरदस्त आक्रोश है। लोगों का कहना है कि किशाेरगंज चौक के पास अतिक्रमण और वाहन पार्किंग की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। आए दिन पार्किंग को लेकर वाहन चालकों में झड़प होती रहती है। स्थानीय लोगों व दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से इस दिशा में कार्रवाई की मांग की है। वहीं कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि दो लोग खालिद और शोएब की गिरफ्तारी की गई है। दोनों पक्षों के द्वारा मामला दर्ज कराया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!