एशियन गेम्स में भारतीय हॉकी का स्वर्णिम सफलता।
त्रिलोकी नाथ प्रसाद/पुरुष और महिला दोनों टीमों के स्वर्ण पदक पर श्रवण कुमार ने दी हार्दिक बधाई
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय हॉकी के ऐतिहासिक प्रदर्शन पर ग्रामीण विकास मंत्री सह अध्यक्ष, बिहार हॉकी संघ श्री श्रवण कुमार ने भारतीय पुरुष एवं महिला हॉकी टीम को स्वर्ण पदक जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
श्री श्रवण कुमार ने कहा कि एशियन गेम्स में पहली बार भारतीय पुरुष और महिला दोनों हॉकी टीमों का एक साथ स्वर्ण पदक जीतना भारतीय हॉकी के लिए गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह सफलता देश में हॉकी के निरंतर मजबूत होते आधार, खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और टीम भावना का परिणाम है।
महिला टीम ने फाइनल में चीन को 1–0 से हराकर 44 वर्षों बाद एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक हासिल किया। लालरेमसियामी के 10वें मिनट के निर्णायक गोल और गोलकीपर सविता पुनिया के शानदार पेनल्टी-स्ट्रोक बचाव ने जीत की नींव रखी।
वहीं आज पुरुष टीम ने फाइनल में मलेशिया को 5–1 से पराजित कर लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स हॉकी का स्वर्ण अपने नाम किया। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर से भारत का खाता खोला और भारतीय टीम ने पूरे मुकाबले में आक्रामक एवं नियंत्रित हॉकी का शानदार प्रदर्शन किया। इस जीत के साथ भारत ने LA 2028 ओलंपिक के लिए सीधा स्थान भी सुनिश्चित किया।
श्री श्रवण कुमार ने कहा,
“आज भारतीय हॉकी ने एशिया के मंच पर अपनी श्रेष्ठता का शानदार प्रदर्शन किया है। दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। भारतीय हॉकी का यह स्वर्णिम अध्याय अब और बड़ी उपलब्धियों की ओर बढ़ रहा है। खिलाड़ियों, कोचों, सपोर्ट स्टाफ और हॉकी इंडिया को मेरी ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। अब हमारी नजरें ओलंपिक के स्वर्ण पदक पर हैं।”
उन्होंने कहा कि यह सफलता देश के उन लाखों युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है जो हॉकी को अपना सपना बनाकर मैदान पर मेहनत कर रहे हैं।


