ताजा खबर

*शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने किया नमन*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने महान स्वतंत्रता सेनानी, अमर क्रांतिकारी एवं शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह जी की जयंती पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि भगत सिंह भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के ऐसे अमर नायक थे, जिन्होंने अपने अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति, त्याग और बलिदान से देश की युवा पीढ़ी में स्वतंत्रता की लौ को प्रज्वलित किया। उनका जीवन मातृभूमि की स्वतंत्रता और देश के सम्मान के लिए पूर्ण समर्पण का प्रतीक है। भगत सिंह जी ने युवाओं को केवल स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा ही नहीं दी, बल्कि अध्ययन, विचार, तर्क और सामाजिक चेतना को भी महत्व दिया। उनका प्रसिद्ध विचार—“क्रांति की तलवार विचारों की सान पर तेज होती है”—आज भी युवाओं को जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव का बलिदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास का अत्यंत गौरवपूर्ण अध्याय है। 23 मार्च 1931 को इन तीनों महान क्रांतिकारियों ने हँसते-हँसते फाँसी का वरण किया और मातृभूमि के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। भगत सिंह जी का जीवन हमें सिखाता है कि राष्ट्र के प्रति समर्पण केवल शब्दों से नहीं, बल्कि त्याग, अनुशासन, साहस और कर्म से सिद्ध होता है। आज की युवा पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, शिक्षा और जनसेवा के क्षेत्र में योगदान देना चाहिए।

 

Related Articles

Back to top button