किशनगंज : 40 लाख की ब्राउन शुगर के साथ चार तस्कर गिरफ्तार
पुलिस-एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में सोना-चांदी, दो बाइक, सात मोबाइल और 7.31 लाख नकद बरामद, 1.34 लाख के जाली नोट भी मिले

किशनगंज, 29 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में किशनगंज पुलिस और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में चार कथित मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 200 ग्राम ब्राउन शुगर (हेरोइन) बरामद की है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान 20.500 ग्राम सोना, 725 ग्राम चांदी, दो मोटरसाइकिल, सात मोबाइल और 7,31,800 रुपये नकद भी बरामद हुए। इसमें 1,34,000 रुपये के पांच-पांच सौ के जाली नोट शामिल हैं, जिसकी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि बहादुरगंज थाना क्षेत्र के लोहागाड़ा चौक के पास स्थित लक्की ढाबा से मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में बहादुरगंज थाना पुलिस, एएनटीएफ और एसटीएफ की टीम ने ढाबे में छापेमारी की। यहां से विकाश कुमार पंडित और शहनबाज शाह को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 100 ग्राम ब्राउन शुगर, सोना-चांदी, दो बाइक, चार मोबाइल और 7,30,900 रुपये बरामद किए गए।
पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने किशनगंज बस स्टैंड में छापेमारी की। यहां से अनुप पासवान और पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर निवासी असराफुल आलम को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 100 ग्राम ब्राउन शुगर, तीन मोबाइल और 900 रुपये बरामद हुए।

मामले में बहादुरगंज थाना कांड संख्या 622/26 और किशनगंज थाना कांड संख्या 1071/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तथा मादक पदार्थ और जाली नोट के फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्ति का पता लगाकर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी।



