District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज में पुलिस का बड़ा अभियान, 100 अपराधी गिरफ्तार

277 ग्राम स्मैक-हेरोइन, 319 लीटर शराब, 6.31 लाख नकद और 22 मवेशी बरामद

किशनगंज, 29 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में अपराध और अवैध कारोबार के खिलाफ किशनगंज पुलिस ने एक सप्ताह तक विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर 21 से 27 सितंबर 2026 तक चलाए गए अभियान में विभिन्न मामलों में 100 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान मादक पदार्थ, शराब, नकदी, वाहन, मोबाइल सहित कई अन्य सामान भी बरामद किए गए।

पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अभियान में 277 ग्राम स्मैक/ब्राउन शुगर/हेरोइन, 109.885 लीटर विदेशी शराब तथा 209.8 लीटर देशी शराब जब्त की गई। इसके अलावा चोरी और अन्य मामलों में छह मोटरसाइकिल, चार ट्रैक्टर, दो पिकअप, दो टोटो और दो स्कूटी बरामद की गई। पुलिस ने 21 मोबाइल फोन और एक स्टेपलर भी जब्त किया है।

आर्थिक बरामदगी में 6,31,945 रुपये नकद और 1,34,000 रुपये के नकली नोट शामिल हैं। पुलिस ने 725 ग्राम चांदी और 20.500 ग्राम सोना भी बरामद किया। वहीं अवैध लॉटरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1690 पीस लॉटरी टिकट जब्त किए गए। पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में 22 मवेशियों को मुक्त कराया गया।

अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन जांच एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में 3,88,000 रुपये शमन राशि वसूल की।

किशनगंज एसपी संतोष कुमार ने लोगों से मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित सूचना एएनटीएफ हेल्पलाइन 9031816150 पर देने की अपील की है। साइबर ठगी की स्थिति में 1930 पर तत्काल सूचना देने तथा आपात स्थिति में डायल-112 का उपयोग करने को कहा गया है।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button