ताजा खबर

*अभियान बसेरा के तहत वासयोग्य भूमि के लिए आवेदन पंचायत एवं अंचल कार्यालयों में लिये जा रहे हैं आवेदन, इसके लिए पटना आने की जरूरत नहीं.*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/अभियान बसेरा-2 के अंतर्गत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अतिपिछड़ा वर्ग के सुयोग्य भूमिहीन परिवारों को आवास योग्य भूमि उपलब्ध कराने के लिए आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया जारी है। पात्र परिवार अपने आवेदन अपने पंचायत कार्यालय अथवा अंचल कार्यालय में ही जमा करें। इसके लिए पटना आने की कोई आवश्यकता नहीं है।

जिलाधिकारी, पटना श्री कुंदन कुमार के निर्देश पर जिले के सभी अंचल कार्यालयों एवं पंचायत कार्यालयों में हेल्प डेस्क बनाये गए हैं। यहां पात्र परिवारों से आवेदन प्राप्त करने, उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा आवेदन जमा करने के बाद पावती रसीद देने की समुचित व्यवस्था की गई है।

*जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रम में न आएं। वासयोग्य भूमि के लिए आवेदन देने हेतु किसी भी व्यक्ति को पटना आने की आवश्यकता नहीं है। लोगों की सुविधा के लिए आवेदन जमा करने की पूरी व्यवस्था उनके निकटतम पंचायत एवं अंचल कार्यालय में ही की गई है।*

उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, भूमि सुधार उपसमाहर्ताओं, अंचलाधिकारियों एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि आवेदन प्राप्त करने, आवश्यक सहयोग देने तथा पावती उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को सरल एवं व्यवस्थित रखें, ताकि किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक कठिनाई का सामना न करना पड़े।

जिला प्रशासन के संज्ञान में आया है कि कुछ लोगों द्वारा इस संबंध में भ्रामक सूचना एवं अफवाह फैलाई जा रही हैँ.जिला प्रशासन द्वारा ऐसे अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है। ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार समुचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button