ठाकुरगंज : दुराघाटी गांव के समीप अंडरपास निर्माण की मांग, पूर्व मंत्री नौशाद आलम ने रेल प्रबंधन ने नाम लिखा पत्र

किशनगंज, 16 सितंबर (के.स.)। फ़रीद अहमद, अररिया–गलगलिया रेल लाइन पर दुराघाटी गांव के निकट अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर बिहार सरकार के पूर्व मंत्री एवं उर्दू एडवाइजरी के अध्यक्ष नौशाद आलम ने पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे, कटिहार के मंडल रेल प्रबंधक को पत्र लिखा है। जिसे बीते मंगलवार को तातपौआ पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान रेल प्रबंधक के नाम पत्र डीडीसी को दी गई।
आवेदन में बताया गया है कि दुराघाटी गांव के आसपास दो-तीन पंचायतों की करीब 15 से 20 हजार की आबादी रेलवे ट्रैक के दूसरी ओर स्थित थाना, उच्च विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र, बैंक, कब्रिस्तान, रेलवे हॉल्ट, मुख्य बाजार सहित अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए रेलवे लाइन पार करने को मजबूर है।
आवेदन के अनुसार, पूर्व में उपलब्ध सड़क मार्ग को बदलकर रेलवे क्रॉसिंग को करीब तीन किलोमीटर दूर कर दिया गया है। इससे विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों, मरीजों और किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिसके कारण कई लोग मजबूरी में सीधे रेलवे लाइन पार करते हैं और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
नौशाद आलम ने मंडल रेल प्रबंधक से स्थल का शीघ्र निरीक्षण कर तकनीकी दृष्टि से अंडरपास की आवश्यकता का परीक्षण कराने तथा जनहित एवं जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अंडरपास निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया है। आवेदन में कहा गया है कि अंडरपास बनने से हजारों ग्रामीणों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी और संभावित दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिल सकती है।



