किशनगंज : अंतरराज्यीय गिरोह ने दिया था नटुआपाड़ा तेल लूटकांड को अंजाम
चार आरोपी गिरफ्तार, 189 डिब्बा सोयाबीन तेल बरामद

किशनगंज, 16 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बहादुरगंज थाना क्षेत्र के नटुआपाड़ा ईंट भट्ठा के समीप 8 सितंबर को ट्रक से हुई सोयाबीन तेल की लूट का किशनगंज पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने घटना में शामिल अंतरराज्यीय तेल लूट गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने लूटे गए 189 डिब्बा सोयाबीन तेल भी बरामद किया है। एसपी संतोष कुमार ने बुधवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में मामले की जानकारी दी।
एसपी ने बताया कि घटना के उद्भेदन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान लूट में प्रयुक्त ट्रक और आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पहले उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में छापेमारी की। यहां से किठौर निवासी शहजाद को घटना में प्रयुक्त ट्रक के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी से पूछताछ के बाद मिली जानकारी के आधार पर एसआईटी की दूसरी टीम को मोतिहारी भेजा गया। वहां कार्रवाई करते हुए चकिया निवासी संजय कुमार मौर्य, केसरिया रोड निवासी दीपक कुमार सुल्तानिया और मधुबन थाना क्षेत्र निवासी दीपक कुमार को गिरफ्तार किया गया।
मोतिहारी में बेचा गया था लूटा गया तेल
जांच में पुलिस को पता चला कि बहादुरगंज क्षेत्र से लूटा गया सोयाबीन तेल मोतिहारी जिले में पहुंचाकर बेचा गया था। इसके बाद पुलिस ने मोतिहारी में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया और तेल भी बरामद किया।
नेपाल-यूपी-बिहार कनेक्शन की जांच
पुलिस के अनुसार सोयाबीन तेल की खेप नेपाल की ओर से किशनगंज लाई गई थी, जिसे गुवाहाटी की ओर ले जाया जाना था। इसी दौरान नटुआपाड़ा के पास तेल लूट लिया गया और उसे मोतिहारी पहुंचा दिया गया। पुलिस अब इस पूरे मामले में नेपाल, बिहार और उत्तर प्रदेश से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है।



