किशनगंज : एसपी ने साप्ताहिक परेड का किया निरीक्षण, जवानों की अनुशासन व दक्षता परखी
अनुशासन के साथ आम लोगों के प्रति संवेदनशील पुलिसिंग का दिया संदेश

किशनगंज, 15 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, पुलिस बल में अनुशासन, शारीरिक दक्षता और बेहतर पुलिसिंग को मजबूत करने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस केंद्र, किशनगंज में साप्ताहिक परेड एवं पीटी का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने परेड में शामिल होकर उसका निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की वर्दी, अनुशासन, शारीरिक दक्षता तथा परेड की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने परेड में शामिल पुलिसकर्मियों की गतिविधियों और अनुशासन का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को परेड एवं पीटी के दौरान निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। एसपी ने कहा कि पुलिस बल के लिए शारीरिक रूप से दक्ष और अनुशासित रहना बेहद आवश्यक है। नियमित परेड एवं शारीरिक प्रशिक्षण से जवानों में चुस्ती-फुर्ती के साथ-साथ टीम भावना और कर्तव्य के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत होती है।
एसपी संतोष कुमार ने उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बेहतर पुलिसिंग के लिए आपसी समन्वय बनाए रखने तथा आम लोगों के प्रति संवेदनशील व्यवहार करने पर भी जोर दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नियमित साप्ताहिक परेड एवं पीटी के माध्यम से पुलिसकर्मियों की शारीरिक क्षमता और अनुशासन को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। किशनगंज पुलिस द्वारा सक्षम, अनुशासित और चुस्त-दुरुस्त पुलिस बल तैयार करने के लिए लगातार प्रशिक्षण एवं निरीक्षण की प्रक्रिया जारी है। इससे पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने में मदद मिलेगी।



