District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : सहयोग शिविर में डीएम ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, 59 में 34 मामलों का मौके पर निष्पादन

किशनगंज, 01 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, आम लोगों की समस्याओं का पंचायत स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को किशनगंज प्रखंड की दौला पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं को लेकर आवेदन दिए।

शिविर में आमजनों से सीधे संवाद करते हुए डीएम ने उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 59 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 34 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। वहीं, शेष 25 लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

डीएम नवीन कुमार ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। इससे लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार जिला या प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही लंबित मामलों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर निपटाने और आवेदकों को की गई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा।

डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से आमजनों की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। पंचायत स्तर पर आयोजित सहयोग शिविर प्रशासन और जनता के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया भी आसान हो रही है।

शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का संबंधित विभागों द्वारा पंजीकरण किया गया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में महिला-पुरुष आवेदक मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button