District Adminstrationअपराधकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : 80.9 किलो गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

किशनगंज, 27 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में किशनगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कोचाधामन थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान 80.900 किलोग्राम गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे का अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य करीब 42 लाख रुपये आंका गया है। पुलिस ने तस्करों के पास से 14,820 रुपये नकद, गांजा परिवहन में प्रयुक्त सुजुकी अर्टिगा वाहन तथा तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को सूचना मिली थी कि गांजा की बड़ी खेप चार पहिया वाहन से किशनगंज से कोचाधामन होते हुए दरभंगा ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में एएनटीएफ किशनगंज, कोचाधामन थाना और धनपुरा पिकेट के पुलिस पदाधिकारी व जवान शामिल थे।

विशेष टीम ने कोचाधामन थाना क्षेत्र के पुनास गांव की मुख्य सड़क पर वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान रहमतपाड़ा चौक की ओर से तेज गति से आ रही सफेद रंग की सुजुकी अर्टिगा (बीआर-11-बीजे-1165) को घेराबंदी कर रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की में रखे सूटकेस और बैग से कुल 80.9 किलो गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उत्तराखंड के देहरादून स्थित गढ़ी कैंट निवासी 59 वर्षीय विपिन पवार और किशनगंज के खगड़ा मझिया टोला निवासी 56 वर्षीय मुजिबुर रहमान के रूप में हुई है। पूछताछ में विपिन पवार ने पुलिस को बताया कि असम से गांजा लाकर दरभंगा के तस्करों तक पहुंचाया जाता था।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर असम और दरभंगा से जुड़े अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। साथ ही गांजा तस्करी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाया जा रहा है। बरामद मोबाइल फोन का तकनीकी अनुसंधान भी किया जा रहा है। पुलिस ने तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति का पता लगाकर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की बात कही है।

इस मामले में कोचाधामन थाना कांड संख्या 451/26, दिनांक 26 अगस्त 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(c), 20(b)(ii)(c) एवं 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। छापेमारी दल में एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह, एएनटीएफ प्रभारी राजू कुमार, अपर थानाध्यक्ष कोचाधामन अरविन्द कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक कृष्णा कुमार, प्रिंस कुमार, धनपुरा पिकेट प्रभारी प्रदीप कुमार, मो. रेहान अहमद, कुमार विमल किशोर, सहायक अवर निरीक्षक मनीष कुमार भारती व विनय कुमार, सिपाही प्रशांत राज, अमर राज सहित कोचाधामन थाना, एएनटीएफ एवं अन्य पुलिस बल शामिल थे। पुलिस ने आम लोगों से मादक पदार्थों से संबंधित सूचना एएनटीएफ हेल्पलाइन नंबर 9031816150 पर देने की अपील की है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button