District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : संत रविदास की 650वीं जयंती पर जिले के अनुसूचित जाति टोलों में लगेंगे विकास शिविर

27 अगस्त से प्रत्येक गुरुवार को होगा आयोजन, सरकारी योजनाओं से वंचित परिवारों को दिलाया जाएगा लाभ

किशनगंज, 25 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, श्री गुरु संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर विशेष समरसता संकल्प अभियान के तहत जिले के सभी प्रखंडों में विकास शिविर लगाए जाएंगे। अभियान की शुरुआत 27 अगस्त को होगी। जिलाधिकारी नवीन कुमार किशनगंज प्रखंड की हलामाला पंचायत स्थित आदर्श कॉलोनी टोला के सामुदायिक भवन में संत रविदास के चित्र पर माल्यार्पण कर अभियान का शुभारंभ करेंगे।

जिला प्रशासन के निर्देश के अनुसार 27 अगस्त को जिले के अन्य प्रखंडों में भी विकास शिविर आयोजित किए जाएंगे। बहादुरगंज प्रखंड की बनगामा पंचायत, ठाकुरगंज की सखुआडाली पंचायत, कोचाधामन की कैरीबीरपुर पंचायत, टेढ़ागाछ की बैगना पंचायत, दिघलबैंक की करुआमनी पंचायत तथा पोठिया की पनासी पंचायत में शिविर लगाए जाएंगे।

अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के तत्वावधान में 27 अगस्त से प्रत्येक गुरुवार को जिले की सभी पंचायतों के अनुसूचित जाति टोलों में श्री गुरु संत रविदास विकास शिविर का आयोजन किया जाएगा।अभियान का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति के परिवारों को सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाना है।

शिविर में राशन कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, विद्यालय एवं आंगनबाड़ी में नामांकन, आयुष्मान भारत कार्ड, श्रम कार्ड, विभिन्न पेंशन योजनाओं, हर घर नल का जल, मुख्यमंत्री ग्रामीण पक्की गली-नाली योजना, मनरेगा जॉब कार्ड, प्रधानमंत्री जनधन योजना, बिजली कनेक्शन, जीविका, मुख्यमंत्री टोला संपर्क योजना, शौचालय निर्माण एवं वासभूमि सहित अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

शिविर से पहले विकास मित्रों के माध्यम से संबंधित टोलों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। योजनाओं से वंचित पात्र लोगों से आवेदन प्राप्त कर उनका निष्पादन कराया जाएगा। शिविर के दिन निष्पादित आवेदनों के तहत पात्र लाभार्थियों को हकदारी का वितरण किया जाएगा। वहीं, नए प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजकर उनके निष्पादन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button