District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : तकनीकी योजनाओं की समीक्षा में डीएम ने दिए समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश

किशनगंज, 25 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय स्तिथ सभागार में तकनीकी विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों और विकास योजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर योजनाओं को पूरा करने का निर्देश दिया।

बैठक में भवन निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, कृषि विपणन यार्ड, ग्रामीण कार्य विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, पथ निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य प्रमंडल सहित अन्य तकनीकी शाखाओं की योजनाओं की समीक्षा हुई।

अवर निबंधन कार्यालय ठाकुरगंज में अवर निबंधक आवास निर्माण कार्य की जानकारी देते हुए भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। नगर परिषद किशनगंज क्षेत्र में खेल भवन के पीछे सरकारी भूमि पर मुख्यमंत्री समग्र योजना के तहत बुडको द्वारा कराए जा रहे पार्क विकास कार्य को भी प्राथमिकता से पूरा करने का निर्देश डीएम ने दिया।

भवन प्रमंडल की समीक्षा के दौरान बताया गया कि पोठिया और किशनगंज प्रखंड में प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन का निर्माण कार्य ग्राउंड फ्लोर तक पूरा हो चुका है। डीएम ने कार्य में तेजी लाकर इसे समय पर पूरा कराने को कहा।स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन को सामुदायिक भवन सह वर्कशेड, संयुक्त योजना भवन और पंचायत सरकार भवनों का निर्माण समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया।

डीएम ने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय और पेयजल की व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित करने तथा योजनाओं का नियमित स्थलीय निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने को कहा। बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण विभाग ने रमजान नदी सौंदर्यीकरण कार्य के प्रगति पर होने की जानकारी दी। मार्केट एरिया में निर्माणाधीन सड़कों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश भी दिया गया।

विद्युत विभाग ने बताया कि ठाकुरगंज क्षेत्र की ट्रांसमिशन लाइन का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। वहीं बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के अभियंता ने बताया कि राज्य उच्च पथ संख्या-99 का करीब 87 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

डीएम ने जिला योजना पदाधिकारी को निर्देश दिया कि बालू, मिट्टी, भूमि विवाद और अतिक्रमण जैसी समस्याओं के कारण विकास योजनाएं प्रभावित नहीं हों, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। बैठक में अपर समाहर्ता, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता व पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button