किशनगंजठाकुरगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

ठाकुरगंज : खराब वजन मशीन से मरीजों की जांच पर सवाल, पौआखाली शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 75 किलो का वजन 30 किलो बताया !

ठाकुरगंज, 21 अगस्त (के.स.)। फ़रीद अहमद, किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत नगर पंचायत पौआखाली में स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पौआखाली में मरीजों का वजन नापने वाली मशीन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। शुक्रवार को की गई पड़ताल के दौरान मशीन से वजन नापने पर करीब 75 किलो वजन वाले व्यक्ति का वजन महज 30 किलो बताया गया। इससे मशीन के खराब होने की आशंका सामने आई है।

स्वास्थ्य केंद्र में वजन की जांच के लिए रखी गई मशीन यदि सही तरीके से काम नहीं कर रही है, तो उसे मरीजों की जांच के स्थल पर उपयोग के लिए क्यों रखा गया है, यह बड़ा सवाल है। वहीं, मशीन खराब होने के बावजूद अब तक उसे बदले जाने या दुरुस्त किए जाने की कार्रवाई क्यों नहीं हुई, इस पर भी स्वास्थ्य विभाग से जवाब अपेक्षित है।

पौआखाली शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के आसपास के करीब 10 किलोमीटर क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मरीजों की प्रारंभिक जांच में वजन भी नापा जाना है। खासकर बच्चों, गर्भवती महिलाओं और वजन के आधार पर दवा की मात्रा निर्धारित किए जाने वाले मामलों में सही वजन की जानकारी जरूरी मानी जाती है।सवाल यह भी है कि यदि वजन नापने वाली मशीन ही गलत रीडिंग दे रही है और मरीजों का वजन सही दर्ज नहीं हो रहा है, तो जांच व्यवस्था की विश्वसनीयता कितनी रह जाती है? खराब मशीन के सहारे मरीजों की जांच जारी रखना मरीजों के स्वास्थ्य से जुड़े गंभीर सवाल खड़े करता है।

अब सवाल यह है कि मशीन खराब है तो इसके लिए जिम्मेदारी किसकी है? इसे कब बदला या दुरुस्त किया जाएगा? और खराब मशीन को मरीजों की जांच वाली जगह से हटाकर सही मशीन उपलब्ध कराने की कार्रवाई कब होगी? स्वास्थ्य विभाग से इन सवालों पर स्पष्ट जवाब और तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा है।

Related Articles

Back to top button