
जामताड़ा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जामताड़ा का गांधी मैदान देशभक्ति और उत्साह से सराबोर नजर आया। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गांधी मैदान में पूरे सम्मान और गरिमा के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा तिरंगे को सलामी देकर देश की आन-बान-शान के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान गांधी मैदान में “वंदे मातरम्”, “जय हिंद” और “जय जोहार” के नारों से वातावरण गूंज उठा। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने समारोह को भव्य और देशभक्ति से ओतप्रोत बना दिया।ध्वजारोहण से पूर्व मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जामताड़ा के विभिन्न चौक-चौराहों पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने वीर कुंवर सिंह चौक, सुभाष चौक, महात्मा गांधी चौक, डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक, भगवान बिरसा मुंडा चौक तथा सिद्धू-कान्हू चौक पहुंचकर स्वतंत्रता सेनानियों और महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित की
गांधी मैदान में ध्वजारोहण के बाद मंत्री ने इंदिरा चौक, जूली मेडिकल, महिला कॉलेज, यूथ कांग्रेस कार्यालय, कांग्रेस कार्यालय, सबीना हॉस्पिटल, मुस्कान नर्सिंग होम तथा नारायणपुर पेट्रोल पंप सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों में शामिल होकर ध्वजारोहण किया और लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में स्वास्थ्य मंत्री ने झारखंड सहित जामताड़ा की जनता को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, आधारभूत संरचना और जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार काम किया जा रहा हैडॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि जामताड़ा सहित पूरे झारखंड में विकास की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर, सुलभ और जनहितकारी बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था में हो रहे सुधार का उल्लेख करते हुए कहा कि आम लोगों का स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है। उन्होंने इसका श्रेय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को दिया। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के साथ सेल्फी लेने को लेकर बच्चों, युवाओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। देखते ही देखते उनके आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। मंत्री ने भी बच्चों और युवाओं से आत्मीयता से मुलाकात की और उनकी शुभकामनाएं स्वीकार किया
पूरे कार्यक्रम के दौरान जामताड़ा में देशभक्ति, उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। गांधी मैदान से लेकर शहर के विभिन्न हिस्सों तक तिरंगा शान से लहराता नजर आया और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा।
