किशनगंज : डीएम के औचक निरीक्षण में छात्राओं की कम उपस्थिति पर जताई चिंता

किशनगंज, 31 जुलाई (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी नवीन कुमार ने शुक्रवार को भ्रमण कार्यक्रम के दौरान कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), नगर किशनगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्राओं की उपस्थिति, स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वच्छता, छात्रावास और भोजन व्यवस्था सहित विद्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में छात्राओं की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम पाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को छात्राओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करने और बीमार छात्राओं के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने अवकाश पर गई छात्राओं से संबंधित पंजी एवं अवकाश रजिस्टर का भी अवलोकन किया और नामांकित सभी छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
डीएम ने छात्रावास परिसर का निरीक्षण करते हुए नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्राओं को समय पर सेनेटरी नैपकिन उपलब्ध कराने तथा उसके समुचित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विद्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने का भी निर्देश दिया, ताकि परिसर की प्रभावी निगरानी हो सके।
जिलाधिकारी नवीन कुमार ने विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत पूर्व छात्राओं का विवरण तैयार करने तथा उन्हें विद्यालय में आमंत्रित कर वर्तमान छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सफल पूर्व छात्राओं के अनुभव वर्तमान छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे और उन्हें अपने भविष्य के प्रति अधिक जागरूक एवं उत्साहित करेंगे।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने विद्यालय के रसोईघर का भी निरीक्षण किया और भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अंत में उन्होंने विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि छात्राओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित हों, ताकि उन्हें सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।



