किशनगंज: नगर पंचायत प्रतिनिधि पर नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म का आरोप, एफआईआर दर्ज

किशनगंज, 30 जुलाई (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, पौआखाली थाना क्षेत्र की एक महिला ने नगर पंचायत पौआखाली के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि अहमद हुसैन उर्फ लल्लू मुखिया पर नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पौआखाली थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने महिला के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
महिला द्वारा दिए गए आवेदन में कहा गया है कि 28 जुलाई की रात उसकी बेटी से जुड़े एक पारिवारिक विवाद के समाधान के लिए पंचायत कराने की बात कहकर उसे, उसकी बेटी तथा उसके पति को वाहन से ले जाया गया। आरोप है कि रास्ते में उसके पति को कथित रूप से नशीला पदार्थ दिया गया, जिससे वह बेहोश हो गए। इसके बाद उन्हें तय स्थान पर ले जाने के बजाय किशनगंज स्थित एक होटल में ठहराया गया।
पीड़िता का आरोप है कि होटल में उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि उसकी बेटी के साथ भी अनुचित व्यवहार किया गया तथा दोनों पर दबाव बनाने का प्रयास किया गया। महिला ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि आरोपी एक प्रभावशाली व्यक्ति है, जिसके कारण उसे और उसके परिवार को जान-माल का खतरा बना हुआ है। उसने पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मामले को लेकर गुरुवार को पौआखाली थानाध्यक्ष शंखराज कर्ण ने बताया कि महिला के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण सदर अस्पताल, किशनगंज में कराया जा रहा है। मेडिकल जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार पीड़िता का बयान दर्ज कराने के लिए उसे माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट, पीड़िता के बयान तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों का सत्यापन करने और आरोपों की निष्पक्ष जांच में जुटी हुई है।



