FJCCI चुनाव: डॉ. अभिषेक रामाधीन ने अध्यक्ष पद के लिए ठोकी ताल, ‘सुरक्षित व्यापार और विकसित झारखंड’ का दिया विजन

रांची: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) के आगामी चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। चैंबर के पूर्व महासचिव एवं वर्तमान कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अभिषेक कुमार रामाधीन ने अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी की घोषणा करते हुए व्यापारियों की सुरक्षा, उद्योगों के विकास और झारखंड की नई अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने का विजन पेश किया।
डॉ. रामाधीन ने कहा कि उनका लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि चैंबर को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सदस्य-केंद्रित संगठन बनाना है। उन्होंने अपना चुनावी संकल्प “सुरक्षित व्यापार, मजबूत उद्योग, विकसित झारखंड, नई दिशा-नई दशा” बताया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। रंगदारी, चोरी, साइबर अपराध और व्यापारियों के खिलाफ होने वाली आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सरकार और पुलिस प्रशासन के साथ लगातार समन्वय किया जाएगा।
डॉ. रामाधीन ने व्यापारियों की जीएसटी, बिजली, श्रम, नगर निकाय, प्रदूषण और उद्योग विभाग से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए चैंबर में प्रभावी सहायता एवं समन्वय तंत्र विकसित करने की बात कही। साथ ही उन्होंने बेहतर बिजली, सड़क और औद्योगिक आधारभूत संरचना को राज्य के आर्थिक विकास की रीढ़ बताते हुए इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का भरोसा दिया।उन्होंने झारखंड को ऑरेंज इकोनॉमी और ब्लू इकोनॉमी के माध्यम से नई आर्थिक दिशा देने की बात कही। उनके अनुसार जनजातीय संस्कृति, हस्तशिल्प, पर्यटन, डिजिटल कंटेंट, स्थानीय व्यंजन और रचनात्मक उद्योगों को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं। वहीं जल संसाधनों के बेहतर उपयोग, मत्स्य पालन, जल पर्यटन और जल आधारित उद्योगों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
डॉ. रामाधीन ने कहा कि भविष्य की अर्थव्यवस्था तकनीक आधारित होगी। इसलिए AI आधारित उद्योग, स्टार्टअप, मेडिकल टूरिज्म, डिजिटल सेवाएं, स्किल डेवलपमेंट और MSME आधुनिकीकरण को बढ़ावा देने के लिए चैंबर सरकार, उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों के बीच सेतु की भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं को राज्य में ही रोजगार और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निवेश आकर्षित करने की दिशा में विशेष प्रयास किए जाएंगे।
डॉ. रामाधीन ने अपने अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व महासचिव और लगातार पाँच बार निर्वाचित कार्यकारिणी सदस्य रहने के कारण उन्हें संगठन की कार्यप्रणाली का व्यापक अनुभव है। उन्होंने यह भी कहा कि वे अपने पिता एवं फेडरेशन चैंबर के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय आर.डी. सिंह की सेवा और संगठन की विरासत को आधुनिक सोच के साथ आगे बढ़ाना चाहते हैं।
वर्तमान में डॉ. अभिषेक रामाधीन इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), रांची के उपाध्यक्ष होने के साथ एक प्रसिद्ध ईएनटी सर्जन और उद्यमी भी हैं। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य ऐसा मजबूत और दूरदर्शी चैंबर बनाना है जो हर व्यापारी और उद्यमी के हितों की प्रभावी आवाज बने तथा झारखंड के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।