*धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और छात्रों पर दर्ज एफआईआर वापसी की मांग को लेकर लोक भवन के सामने बिहार कांग्रेस का धरना*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद -बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में मंगलवार की शाम लोक भवन, पटना के सामने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। रात करीब पौने आठ बजे शुरू हुए इस धरने में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” और “छात्रों पर दर्ज एफआईआर वापस लो” जैसे नारे लगाए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े गंभीर सवालों पर जवाब देने से बच रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि निर्दोष छात्रों पर दर्ज मुकदमे तुरंत वापस लिए जाएं और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें।
इससे पहले नई दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के सामने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में पार्टी ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित कई नेताओं को हिरासत में लिया।
राजेश राम ने कहा कि लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने के लिए की जा रही कार्रवाई देश के लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है। कांग्रेस पार्टी छात्रों, युवाओं और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
इस प्रदर्शन में बिहार के सह प्रभारी सुशील पासी, विधायक मनोज विश्वास, अभिषेक रंजन , कमरुल होदा, अमित कुमार टुन्ना, मिन्नत रहमानी, असित नाथ तिवारी, पंकज यादव, राजीव मेहता, कमल कमलेश, कमलदेव नारायण शुक्ला, प्रेमचंद सिंह, गुंजन पटेल, विमलेश तिवारी, सुधीर शर्मा, मृणाल अनामय, हीरा सिंह बग्गा, संजीव कर्मबीर सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसजन मौजूद थे।


