
लापुंग, 10 जुलाई: झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने शुक्रवार को लापुंग प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों का दौरा कर मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत भरे जा रहे गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) के कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों और संबंधित अधिकारियों से कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के बाद मंत्री लापुंग प्रखंड सभागार में आयोजित बीएलए-2 विशेष प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुईं। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) की मदद से मतदाता गणना प्रपत्रों को तेज़ी और सही तरीके से भरवाना था, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।
प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत हर पात्र नागरिक की भागीदारी है। उन्होंने बीएलए-2 कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों की मदद करने और गणना प्रपत्र सही ढंग से भरवाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि अभियान की नियमित निगरानी के लिए प्रखंड अध्यक्ष के माध्यम से प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि अधिकारियों, बीएलओ, बीएलए-2 और जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयास से ही विशेष पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाया जा सकता है।
मंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं और अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे, क्योंकि प्रत्येक मत लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, जयंत बारला, सुदामा महली, संतोष तिर्की, देवेंद्र वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बीएलए-2 कार्यकर्ता उपस्थित थे।