340 प्रशिक्षित पुलिसकर्मी झारखंड पुलिस बल में हुए शामिल, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने दिलाई कर्तव्यनिष्ठा की शपथ

रांची, 25 जून 2026: मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन गुरुवार को डोरंडा स्थित जैप-1 ग्राउंड में आयोजित “बुनियादी प्रशिक्षुओं का पारण परेड समारोह-2026” में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने परेड का निरीक्षण किया, शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को सम्मानित किया। पारण परेड में 4 पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) और 336 आरक्षी शामिल हुए, जिनमें 255 पुरुष और 81 महिला जवान थे। प्रशिक्षुओं ने शानदार मार्चपास्ट और आकर्षक कदमताल के जरिए अपने कौशल का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जवानों ने लगभग 30 सप्ताह का कठिन प्रशिक्षण पूरा किया है और अब वे केवल अपने लिए नहीं, बल्कि राज्य के नागरिकों की सुरक्षा और सेवा के लिए समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनता के विश्वास को मजबूत करने की है। मुख्यमंत्री ने इस बैच में करीब 25 प्रतिशत महिला भागीदारी को खुशी का विषय बताते हुए कहा कि राज्य सरकार हर क्षेत्र में महिलाओं और पुरुषों की समान भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई बातों का असर अब राज्य की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था में दिखाई देना चाहिए। उन्होंने जवानों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवासीय विद्यालयों तथा विशेष स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थापना की दिशा में काम कर रही है। सरकार पुलिस विभाग के साथ मजबूती से खड़ी है और जवानों के कल्याण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। समारोह में नव नियुक्त जवानों ने अनुशासन, संविधान के प्रति निष्ठा, देश और राज्य सेवा, पुलिस बल की गरिमा तथा कर्तव्यनिष्ठा की शपथ ली। कार्यक्रम में झारखंड की पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक तदाशा मिश्रा, अपर पुलिस महानिदेशक प्रिया दुबे समेत पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
