District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : संभावित बाढ़ व कटाव को लेकर डीएम ने की तैयारियों की समीक्षा, अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश

किशनगंज, 23 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, संभावित बाढ़ एवं कटाव से उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिलाधिकारी नवीन कुमार ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित सभागार में समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में राहत एवं बचाव कार्यों, आश्रय स्थलों, चिकित्सा सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी आदित्य कुमार ने पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिले के बाढ़ संभावित एवं कटाव प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी दी। डीएम ने आश्रय स्थलों, सामुदायिक रसोई, जीवन रक्षक दवाओं, सर्पदंश उपचार की दवाओं तथा स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।

डीएम ने पूर्व वर्षों में आई बाढ़ के दौरान किए गए राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी लेते हुए अनुभवों के आधार पर इस वर्ष की तैयारियों को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त मात्रा में आवश्यक दवाओं का भंडारण सुनिश्चित करने तथा चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता बनाए रखने का निर्देश दिया।

बैठक में पशुधन सुरक्षा की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पशुओं के लिए दवाओं, चारे तथा सुरक्षित आश्रय स्थलों की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने को कहा। वहीं पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जरूरत पड़ने पर अस्थायी शौचालय एवं चापाकल स्थापित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करने, कटाव एवं बाढ़ प्रभावित इलाकों पर विशेष नजर रखने तथा राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने का निर्देश दिया। साथ ही ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उन्हें संभावित खतरों के प्रति जागरूक करने तथा जल संसाधन विभाग की टीम के साथ संयुक्त निरीक्षण करने को कहा।

बैठक में एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ के माध्यम से उपलब्ध नावों और अन्य राहत संसाधनों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने तथा अपने सरकारी एवं निजी मोबाइल नंबर हर समय चालू रखने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि बाढ़ का मौसम शुरू हो चुका है और जलस्तर बढ़ने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में सभी विभाग पूरी सतर्कता के साथ कार्य करें तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) मो. उमैर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button