
सागर कुमार विशेष संवाददाता
बिहार में बिजली बिल घोटाले के खिलाफ लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 23 फरवरी से राज्यव्यापी आंदोलन का आगाज।
पटना, दिनांकः 16 फरवरी 2023
बिहार में बिजली बिल घोटाले के खिलाफ लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 23 फरवरी से राज्यव्यापी आंदोलन का आगाज करने जा रहा है। इस बात की जानकारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री राजू तिवारी ने दी है। गुरुवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश भर के पदाधिकारियों से विचार-विमर्श करने के बाद श्री तिवारी ने बताया कि यह आंदोलन चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के हर जिले और प्रखंड में चलाया जाएगा। आंदोलन के लिए पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता कमर कस चुका है और मामले की जांच एवं कार्रवाई होने तक आंदोलनरत रहेगा।

श्री तिवारी ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री चिराग पासवान जी जनता से जुड़े इस गंभीर मसले पर लगातार मीडिया के जरिए सरकार को आगाह करते आ रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी बातों कों नज़रअंदाज करती आ रही है। अब पानी सर से उपर जा रहा है। गूंगी-बहरी और भ्रष्टाचारी सरकार की नीतियों के खिलाफ अब आंदोलन करना जरूरी हो गया है।

श्री तिवारी ने कहा कि बिजली बिल घोटाले के खिलाफ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री चिराग पासवान के नेतृत्व में चलाए जाने वाला यह आंदोलन राज्यव्यापी होगा। इसमें भारी संख्या में प्रदेश के कोने-कोने में फैले कार्यकर्ता भाग लेंगे और सरकार द्वारा मांग माने जाने तक आंदोलनरत रहेंगे।


