पटना समाहरणालय में ‘‘राष्ट्रीय प्रेस दिवस‘‘ का भव्य आयोजन, डीएम डॉ. सिंह ने कहाः राष्ट्र निर्माण में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका

*जनहित के मामलों के संरक्षण, संवर्द्धन एवं प्रोत्साहन में प्रशासन एवं मीडिया एक दूसरे के पूरक: डीएम*
मीडिया रिपोर्टिंग प्रशासन के लिए फीडबैक का काम करता है; आप सतर्क रखते हैं और हमे सतर्क रहना है: डीएम
*आज के समय में खबरों के तीव्र प्रवाह के साथ-साथ प्रामाणिकता एवं विश्वसनीयता भी आवश्यक: डीएम*
त्रिलोकी नाथ प्रसाद:- जिला पदाधिकारी, पटना डॉ. चन्द्रशेखर सिंह ने कहा है कि राष्ट्र निर्माण में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। विभिन्न समाचार माध्यमों में जो रिपोर्टिंग की जाती है वह हमलोगों के लिए फीडबैक का काम करता है। वे आज समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर पदाधिकारियों एवं पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। डीएम डॉ. सिंह ने पत्रकारों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मीडिया हमलोगों को सतर्क रखती है एवं हमें सतर्क रहना है। उन्होंने कहा कि मीडिया की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है यह सिद्ध करने की आवश्यकता नहीं है। सामाजिक कुप्रथाओं को समाप्त करने तथा अच्छी परंपराओं को प्रोत्साहित करने में आप हमेशा अग्रणी रहे हैं।
डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि आज के समय में खबरों के तीव्र प्रवाह के साथ-साथ प्रामाणिकता एवं विश्वसनीयता भी आवश्यक है। किसी भी समाचार के प्रति अघोषित तौर पर जजमेंटल होना नहीं चाहिए। निष्पक्ष एवं तथ्यपरक ढंग से चीजों को रखा जाए। जहाँ कहीं कमी देखें उसे हाइलाईट करें। इससे तंत्र अलर्ट रहता है। हमलोग इसे फीडबैक के रूप में लेते हैं तथा चीजों को बेहतर करने का प्रयास करते हैं। डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि *जनहित के मामलों के संरक्षण, संवर्द्धन एवं प्रोत्साहन में प्रशासन एवं मीडिया एक दूसरे के पूरक हैं।* उन्होंने कहा कि मीडिया द्वारा जब भी कोई पृच्छा की जाती है तो प्रशासन द्वारा *ससमय तथ्यों पर आधारित* उत्तर उपलब्ध कराया जाता है।
इससे पहले डीएम डॉ. सिंह, उप विकास आयुक्त श्री तनय सुल्तानिया, अनुमंडल पदाधिकारी पटना सदर श्री श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर, सिविल सर्जन, पटना श्री के.के. राय, जिला जन-सम्पर्क पदाधिकारी, पटना श्री लोकेश कुमार झा एवं अन्य पदाधिकारियों तथा पत्रकार बंधुओं द्वारा दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। डीपीआरओ, पटना श्री झा द्वारा सभी पत्रकारों का स्वागत करते हुए उन्हें राष्ट्रीय प्रेस दिवस की हार्दिक शुभकामना दी गई। भारतीय प्रेस परिषद द्वारा निर्धारित थीम ‘‘राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका’’ पर विषय प्रवेश कराते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में मीडिया सदैव अग्रणी रहा है। जनता को जागरूक करने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। आज के सूचना क्रांति के युग में स्वतंत्र एवं जिम्मेदार मीडिया हमारे लोकतंत्र की रीढ़ है। हमारे जैसे प्रजातांत्रिक देश में मीडिया हित-प्रहरी एवं पथ-प्रदर्शक की दोहरी भूमिका में है। उन्होंने कहा कि *जीवंत मीडिया एवं सशक्त नागरिक राज्य तथा राष्ट्र के विकास में उत्प्रेरक-सदृश काम कर रहा है।* डीपीआरओ श्री झा ने कहा कि मीडिया हमारे समृद्ध लोकतंत्र को एक नया आयाम देता है।
परिचर्चा में भाग लेते हुए अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन श्री संतोष कुमार झा ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में मीडिया की सक्रिय भूमिका है। इतिहास के हर क्षण में मीडिया ने अपना योगदान दिया है।
कार्यक्रम में अनेक मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा भारतीय प्रेस परिषद द्वारा निर्धारित विषय ‘‘राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका’’ पर आयोजित परिचर्चा में अपना-अपना विचार प्रकट किया गया।
आज के इस अवसर पर अपर जिला दंडाधिकारी, विशेष कार्यक्रम श्री नौशाद अहमद, प्रभारी पदाधिकारी आपदा प्रबंधन श्रीमती मिन्टी हर्षिता, उप निदेशक, दूरदर्शन श्री सैयद सलमान हैदर, जिला आईटी प्रबंधक, पटना श्री कुणाल झा अन्य भी उपस्थित थे।
डीपीआरओ, पटना