बिहार पुलिस सप्ताह: सड़कों पर दिखी पुलिस की संवेदनशील पहल, फूल देकर चालकों को किया जागरूक

किशनगंज,22फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बिहार पुलिस सप्ताह-2026 के अवसर पर जिला पुलिस द्वारा रविवार को यातायात सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत पुलिस ने आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए अनोखी पहल की।
पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) के नेतृत्व में यातायात थाना एवं जिले के विभिन्न थानों की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान पारंपरिक जांच अभियान से अलग अंदाज देखने को मिला। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को रोककर पुलिसकर्मियों ने चालान काटने के बजाय उन्हें गुलाब का फूल भेंट किया।
पुलिस अधिकारियों ने चालकों को समझाया कि हेलमेट पहनना और यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं के जीवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। इस दौरान वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग का संकल्प दिलाया गया तथा यातायात संकेतों एवं नियमों की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
पुलिस की इस सौम्य एवं सकारात्मक पहल की शहरभर में सराहना हो रही है। अधिकारियों ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित यात्रा के लिए यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
पुलिस विभाग का मानना है कि इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रमों से न केवल सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग भी मजबूत होगा।



