*राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत प्रतिभागियों को प्रशिक्षण देने में बिहार शीर्ष स्थान पर*
वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुल 4,35,896 प्रतिभागियों को दिया गया प्रशिक्षण
त्रिलोकी नाथ प्रसाद।वित्तीय वर्ष 2024-25 में पुनर्रचित राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत पंचायती राज विभाग की ओर से कुल 4,35,896 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जो देश में सर्वाधिक है। प्रतिभागियों को स्थानीयकृत सतत विकास लक्ष्य (एलएसडीजी) के 9 विषय, ई-ग्राम स्वराज, ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) निर्माण, प्रखंड पंचायत विकास योजना (बीपीडीपी) निर्माण, जिला पंचायत विकास योजना निर्माण (जेडपीडीपी), पंचायत ई-ग्राम कचहरी सहित अन्य प्रमुख और प्रासंगिक विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
वित्तीय वर्ष (2024-25) में प्रतिभागियों को प्रशिक्षण देने वाले शीर्ष पांच राज्य-
1. बिहार – 4,35,896
2. महाराष्ट्र – 3,63,111
3. आंध्र प्रदेश – 3,25,643
4. कर्नाटक- 3,21,380
5. ओडिशा- 2,79,505
*नई प्रणालियों से अवगत कराने के लिए प्रशिक्षण: मंत्री*
इस उपलब्धि पर पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य में त्रि-स्तरीय पंचायती राज संस्थाओं और ग्राम कचहरियों के प्रतिनिधियों व कर्मियों के क्षमता संवर्धन के लिए विभाग प्रतिबद्ध है। बदलते परिवेश में प्रशासन की नई प्रणालियों से अवगत कराने के लिए राज्य के अंदर और बाहर स्थित देश के प्रतिष्ठित संस्थाओं में नियमित रूप से त्रि-स्तरीय पंचायती राज संस्थाओं और ग्राम कचहरियों के जन-प्रतिनिधियों व कर्मियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। जन केंद्रित तकनीक आधारित प्रशासन प्रणाली अपनाते हुए राज्य में पारदर्शी, समावेशी और उत्तरदायी पंचायती राज संस्थाओं का निर्माण विभाग का लक्ष्य है। इस दिशा में विभाग तेजी से कार्य कर रहा है।


