इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी किशनगंज द्वारा टीबी मरीजों के बीच कंबल वितरण

किशनगंज,20जनवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, किशनगंज के तत्वावधान में मंगलवार को गोद लिए गए टीबी मरीजों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी सह रेड क्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष विशाल राज के निर्देशानुसार किया गया।
ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन की ओर से कुल 100 टीबी मरीजों को कंबल प्रदान किया गया, ताकि उन्हें ठंड से राहत मिल सके। इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाल राज ने कहा कि टीबी मरीजों की देखभाल केवल चिकित्सीय उपचार तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उन्हें सामाजिक एवं मानवीय सहयोग देना भी आवश्यक है। रेड क्रॉस सोसायटी के माध्यम से जरूरतमंद टीबी मरीजों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाती रहेगी।
रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव मिक्की साहा ने बताया कि इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, किशनगंज द्वारा लगातार जरूरतमंद लोगों को चिन्हित कर ठंड के मौसम में कंबल वितरण सहित विभिन्न सेवा कार्य किए जा रहे हैं, जो आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
कंबल वितरण कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी, जिला संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. मंजर आलम, डीएस डॉ. अनवर हुसैन, डीपीएम, हॉस्पिटल मैनेजर सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं रेड क्रॉस सोसायटी के सदस्य उपस्थित रहे।

