किशनगंज : भाजपा ने जारी की पहली सूची, किशनगंज से एक बार फिर स्वीटी सिंह को मिला मौका

किशनगंज,14अक्टूबर(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए 71 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। किशनगंज विधानसभा सीट से पार्टी ने एक बार फिर स्वीटी सिंह पर भरोसा जताया है। 47 वर्षीय स्वीटी सिंह पेशे से वकील हैं और राजपूत समुदाय से आती हैं। वे लंबे समय से किशनगंज में भाजपा का प्रमुख चेहरा रही हैं।
स्वीटी सिंह 2010 से लगातार किशनगंज सीट से भाजपा की उम्मीदवार रही हैं। हालांकि अब तक उन्हें जीत नहीं मिली है, लेकिन हर चुनाव में उन्होंने विपक्षी दलों को कड़ी टक्कर दी है। 2020 के चुनाव में वे मात्र 1,381 वोटों से हारी थीं, जबकि 2015 में हार का अंतर 8,609 वोट था। यह आंकड़े उनकी मजबूत राजनीतिक पकड़ और जनसंपर्क को दर्शाते हैं।
किशनगंज एक मुस्लिम बहुल क्षेत्र है, जहां परंपरागत रूप से कांग्रेस, राजद और एआईएमआईएम का प्रभाव रहा है। ऐसे में स्वीटी सिंह भाजपा के गैर-मुस्लिम, विशेषकर राजपूत (ओबीसी) वोट बैंक को एकजुट करने में अहम भूमिका निभाती हैं। उनके पति सिकंदर सिंह पूर्व में किशनगंज से भाजपा विधायक रह चुके हैं, जिससे उन्हें स्थानीय राजनीति में मजबूत पकड़ मिली है।
पार्टी ने जताया भरोसा, सक्रियता बनी आधार
पार्टी सूत्रों के अनुसार, स्वीटी सिंह को टिकट देने का फैसला उनकी निरंतर जमीनी सक्रियता और क्षेत्र में पार्टी संगठन को मजबूत करने के प्रयासों को देखते हुए लिया गया है। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि वे किशनगंज में हिंदू मतदाताओं को एकजुट करने और अन्य समुदायों में भी संवाद स्थापित करने की दिशा में लगातार प्रयासरत रही हैं।
मुस्लिम बहुल क्षेत्र होने के कारण यह सीट भाजपा के लिए चुनौतीपूर्ण मानी जाती है, लेकिन पार्टी को उम्मीद है कि स्वीटी सिंह की मेहनत और संगठनात्मक जुड़ाव इस बार बेहतर परिणाम दे सकता है। 2025 का यह चुनाव स्वीटी सिंह के लिए कड़ी परीक्षा साबित होगा, हालांकि उनकी जुझारू छवि और जनसमर्थन उन्हें एक बार फिर मजबूत दावेदार के रूप में मैदान में खड़ा करती है।