*“गालीबाज गठबंधन की नौटंकी नाकाम: बिहार बंद को जनता ने नकारा”- राजेश राम*

मुकेश कुमार/भारतीय जनता पार्टी का बिहार बंद एक सुपरफ्लॉप साबित हुआ। बिहार की जनता ने इसका कोई समर्थन नहीं किया और भाजपा कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी ने उनकी अपनी छवि को दर्शाया है।
राजेश राम ने कहा कि भाजपा की राजनीति हमेशा से ही विभाजनकारी रही है। भाजपा के नेताओं ने कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं – विशेष रूप से राहुल गांधी और उनकी मां सोनिया गांधी (जो पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की बहू हैं) – के खिलाफ अपमानजनक और गालीगलौच वाली भाषा का सहारा लिया है। यह कोई नई बात नहीं है; भाजपा की राजनीति का मूल आधार ही विपक्ष को नीचा दिखाना और अपमानित करना है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने भाजपा द्वारा बुलाए गए बिहार बंद को पूरी तरह जनविरोधी और असफल करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने और अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए इस तरह का बंद आयोजित करती है।
राजेश राम ने कहा कि “बिहार की जनता महँगाई, बेरोज़गारी, शिक्षा-स्वास्थ्य संकट और किसानों की बदहाली से जूझ रही है। भाजपा इन गंभीर मुद्दों पर मौन है और बंद जैसे हथकंडों से केवल आम गरीब, मज़दूर, छोटे दुकानदार और छात्रों को परेशान करती है।”
उन्होंने आगे कहा कि “कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज़ को दबने नहीं देगी। भाजपा के ऐसे बंद को जनता ने हमेशा नकारा है और आगे भी नकारेगी।”
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने दोहराया कि कांग्रेस पार्टी सदैव आम जनता के असली मुद्दों पर संघर्ष करती रहेगी और भाजपा की जनविरोधी राजनीति का डटकर मुकाबला करेगी।


