अपराधठाकुरगंजतस्करों के खिलाफ कार्रवाईपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

ठाकुरगंज : गलगलिया में 305 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद, तस्कर फरार

किशनगंज,15मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह/फ़रीद अहमद, जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गलगलिया थाना पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 305 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। हालांकि छापेमारी के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि गलगलिया थाना क्षेत्र के दरभंगिया टोला निवासी श्रवण सहनी अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में संलिप्त है और भारी मात्रा में ब्राउन शुगर लाकर उसकी आपूर्ति करने की तैयारी कर रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मंगलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में गलगलिया थाना पुलिस तथा एसएसबी भाटगांव और नेमुगुरी वाहिनी की संयुक्त टीम गठित कर आरोपी के घर पर छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान आरोपी श्रवण सहनी मौके से फरार हो गया। इसके बाद स्वतंत्र साक्षियों की मौजूदगी में घर की तलाशी ली गई, जहां से 305 ग्राम ब्राउन शुगर और एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन बरामद की गई।

इस संबंध में गलगलिया थाना कांड संख्या 23/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मंगलेश कुमार सिंह, गलगलिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक छबिला हाजरा सहित गलगलिया थाना के सशस्त्र बल और एसएसबी भाटगांव व नेमुगुरी वाहिनी के जवान शामिल थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!