ठाकुरगंज : गलगलिया चेक पोस्ट के पास से 292.5 लीटर बीयर जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

किशनगंज,08फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, उत्पाद विभाग की टीम ने शनिवार को गलगलिया चेक पोस्ट के समीप बड़ी कार्रवाई करते हुए बोलेरो वाहन से ले जाई जा रही 292.5 लीटर विदेशी बीयर जब्त की है। इस दौरान शराब तस्करी में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद आदिल, निवासी हायाघाट, दरभंगा एवं अभिषेक कुमार, निवासी चकमेसी, समस्तीपुर के रूप में की गई है। जब्त बीयर को बोलेरो वाहन से पश्चिम बंगाल से गलगलिया–ठाकुरगंज मार्ग होते हुए दरभंगा ले जाया जा रहा था, जहां इसे किसी व्यक्ति को डिलीवरी दी जानी थी।
उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के संबंध में उत्पाद थानाध्यक्ष मनीष सक्सेना ने बताया कि चेक पोस्टों पर लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शराब तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद गलगलिया चेक पोस्ट एवं बंगाल सीमा से सटे मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई।
उन्होंने बताया कि बंगाल की ओर से आ रहे एक बोलेरो वाहन को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा। टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर वाहन को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में बीयर बरामद की गई।
वाहन एवं दोनों आरोपियों को उत्पाद थाना लाया गया, जहां वाहन की गहन तलाशी ली गई। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे शराब की डिलीवरी देने जा रहे थे।
उत्पाद थानाध्यक्ष ने बताया कि शराब की तस्करी, बिक्री एवं सेवन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

