District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : प्रधानमंत्री आवास योजना के 12 लाभुकों को मिला स्वीकृति पत्र और प्रतीकात्मक चाभी

डीडीसी ने लाभुकों को समय पर आवास पूरा करने के लिए किया प्रेरित

किशनगंज, 20 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत गुरुवार को उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा ने 12 पात्र लाभुकों के बीच स्वीकृति पत्र, बधाई पत्र एवं आवास की प्रतीकात्मक चाभी का वितरण किया। इस दौरान लाभुकों को योजना का लाभ उठाकर निर्धारित समय-सीमा में आवास निर्माण पूरा करने के लिए प्रेरित किया गया।

जिले के सभी प्रखंडों में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत अब तक 1,385 लाभुकों को स्वीकृति पत्र, 20,608 लाभुकों को बधाई पत्र तथा 15,668 पूर्ण आवास वाले लाभुकों को औपचारिक रूप से गृह प्रवेश के लिए प्रतीकात्मक चाभी वितरित की गई है।

बताया गया कि योजना के तहत जिन लाभुकों को आवास निर्माण के लिए स्वीकृति प्रदान करते हुए प्रथम किस्त के भुगतान की प्रक्रिया पूरी की गई है, उन्हें स्वीकृति पत्र दिया जाता है। वहीं प्रथम, द्वितीय अथवा तृतीय किस्त की सहायता राशि प्राप्त करने वाले लाभार्थियों को बधाई पत्र प्रदान किया गया। आवास निर्माण कार्य पूर्ण कर चुके लाभुकों को गृह प्रवेश के लिए प्रतीकात्मक चाभी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान लाभुकों को योजना से जुड़ी अन्य सुविधाओं और अभिसरण योजनाओं की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि मनरेगा के तहत 90 दिनों की अकुशल मजदूरी का भुगतान तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण)/लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत शौचालय निर्माण के लिए मिलने वाली सहायता राशि का लाभ भी लिया जा सकता है।

इसके अलावा लाभुकों को विद्युत कनेक्शन, स्वच्छ पेयजल, एलपीजी कनेक्शन तथा जीविका के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण जैसी सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।

मौके पर डीआरडीए के निदेशक, प्रखंड विकास पदाधिकारी, आवास पर्यवेक्षक सहित संबंधित लाभुक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button